कर्नाटक में नेतृत्व बदलाव को लेकर जारी खींचतान के बीच एक बड़ा अपडेट सामने आया है। मुख्यमंत्री सिद्धारमैया मंगलवार देर रात दिल्ली से बेंगलुरु लौट आए। वहीं, उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने अपने कार्यक्रम में बदलाव किया है। वे आज की बजाय कल सुबह दिल्ली से बेंगलुरु लौटेंगे। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री सिद्धारमैया गुरुवार सुबह अपने पद से इस्तीफा दे सकते हैं।
इस बीच, सीएम सिद्धारमैया ने गुरुवार को सभी मंत्रियों को अपने निवास पर ब्रेकफास्ट के लिए बुलाया है। उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार भी दिल्ली से सीधे यहीं पर आएंगे। कहा जा रहा है कि ब्रेकफास्ट मीटिंग के बाद सीएम सिद्धारमैया अपने पद से इस्तीफा दे देंगे।
सिद्धारमैया का आज का कार्यक्रम
आज सुबह 10:30 बजे सीएम सिद्धारमैया KPCC (कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी) कार्यालय और विधानसभा परिसर का दौरा करेंगे। यहां वे देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। आज पूरे दिन में उनका यही एकमात्र आधिकारिक कार्यक्रम तय है।
डीके शिवकुमार की ताजपोशी की चर्चा तेज
अब चर्चा ये है कि कांग्रेस हाईकमान ने ढाई-ढाई साल के कथित सत्ता हस्तांतरण के तहत यह फैसला लिया है। कयास लगाए जा रहे हैं कि सिद्धारमैया के इस्तीफे के बाद डीके शिवकुमार कर्नाटक के अगले मुख्यमंत्री के रूप में कमान संभाल सकते हैं, जबकि सिद्धारमैया को दिल्ली की राजनीति में कोई बड़ी जिम्मेदारी या राज्यसभा का टिकट दिया जा सकता है। हालांकि, पार्टी ने अभी तक इस पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। बता दें कि 26 मई को दिल्ली में कांग्रेस की बड़ी मीटिंग हुई, जो कई घंटे चली, जिसमें कर्नाटक विवाद को लेकर मंथन चला।
ये भी पढ़ें-
Explainer: खत्म हो गई कर्नाटक की 'किच किच', कांग्रेस ने सुलझा लिया सीएम की कुर्सी का पेंच? जानें सबकुछ
सियासी खींचतान के बीच राहुल गांधी ने सिद्धारमैया को दी सलाह, जानें कर्नाटक के सीएम ने क्या दिया जवाब
Latest India News