1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. हिमाचल प्रदेश में पंचायती राज चुनावों का ऐलान: क्या है वोटिंग और रिजल्ट की तारीख, कितने हैं वोटर्स? यहां जानें

हिमाचल प्रदेश में पंचायती राज चुनावों का ऐलान: क्या है वोटिंग और रिजल्ट की तारीख, कितने हैं वोटर्स? यहां जानें

हिमाचल प्रदेश में पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव का ऐलान हो गया है। जानकारी के अनुसार, 3754 पंचायतों में कुल 31,182 पदों के लिए 3 चरणों में मतदान होगा।

himachal pradesh Panchayat raj Election- India TV Hindi
Image Source : PTI सांकेतिक फोटो।

हिमाचल प्रदेश में पंचायती राज चुनावों की तारीख का ऐलान कर दिया गया है। राज्य चुनाव आयुक्त अनिल खाची ने मंगलवार को पंचायती राज चुनावों का पूरा शेड्यूल जारी कर दिया है। दी गई जानकारी के अनुसार, हिमाचल प्रदेश की 3754 ग्राम पंचायतों में 26, 28 और 30 मई को तीन चरणों में वोट डाले जाएंगे। इसके साथ ही राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से पंचायत चुनाव के तहत आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू कर दी गई है। 

कितने हैं वोटर्स?

हिमाचल प्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग के आयुक्त अनिल खाची ने जानकारी दी है कि राज्य के की 3754 ग्राम पंचायतों में 26, 28 और 30 मई को तीन चरणों में वोट डाले जाएंगे। इस बार पंचायत चुनाव में 50 लाख 79 हजार 048 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। राज्य चुनाव आयुक्त अनिल खाची ने चुनाव कार्यक्रम जारी करते हुए कहा कि चुनावों में 21,654 पंचायत वार्ड सदस्य, 1769 पंचायत समिति सदस्य और 251 जिला परिषद सदस्य चुने जाएंगे।

कब आएंगे रिजल्ट?

पंचायती राज चुनावों का शेड्यूल जारी करते हुए राज्य चुनाव आयुक्त अनिल खाची ने कहा कि 7, 8 और 11 मई को नामांकन दाखिल होंगे जबकि नामांकन पत्रों की छंटनी 12 मई  को होगी। इसके बाद 14 और 15 मई को नामांकन वापसी होगी और 26, 28 और 30 मई को तीन चरणों में मतदान होगा। ग्राम पंचायत प्रधान, उपप्रधान और वार्ड सदस्यों के मतों की गिनती मतदान पूरा होने के बाद उसी दिन पंचायत मुख्यालय में होगी जबकि पंचायत समिति और जिला परिषद सदस्यों के मतों की गणना 31 मई को होगी।

महिलाओं के लिए आरक्षित पदों की संख्या

हिमाचल प्रदेश में पंचायती राज चुनावों के तहत कुल 31,182 पदों में से 15,656 पद महिलाओं के लिए आरक्षित हैं। कुल्लू जिला की चार पंचायतों में चुनाव नहीं होंगे जबकि अन्य सभी पंचायतों में चुनाव होंगे। राज्य चुनाव आयुक्त ने बताया है कि चुनाव की घोषणा के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव कराने के निर्देश दे दिए गए हैं। (रिपोर्ट: कपिल ठाकुर)

ये भी पढ़ें- हिमाचल प्रदेश में शहरी निकायों के चुनाव का ऐलान, जानिए वोटिंग और रिजल्ट की तारीख

जूनियर इंजीनियर पदों पर भर्ती, वैकेंसी समेत जान लें कौन कर सकता है आवेदन

Latest India News