हिमाचल प्रदेश में शहरी निकाय चुनावों की तारीखों के ऐलान के साथ 51 शहरी निकायों में आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू हो गई है। राज्य चुनाव आयुक्त अनिल खाची ने गुरुवार को शिमला में प्रेस वार्ता कर चुनाव के कार्यक्रम को जारी किया। दी गई जानकारी के मुताबिक, हिमाचल प्रदेश के 51 शहरी निकायों में 17 मई को मतदान होगा। हालांकि, पंचायत चुनाव की तारीखों के लिए अभी लोगों को थोड़ा इंतजार करना पड़ेगा। आयोग ने कहा है कि राज्य में पंचायत चुनाव का ऐलान भी इसी सप्ताह किया जाएगा।
कितनी हैं वोटर्स की संख्या?
राज्य चुनाव आयुक्त अनिल खाची ने बताया कि प्रदेश के 51 शहरी निकायों में चुनाव करवाए जाएंगे। इसमें 4 नगर निगम सोलन, पालमपुर, मंडी, धर्मशाला और 25 नगर परिषद और 22 नगर पंचायतें शामिल हैं। इन निकायों में कुल 3 लाख 60 हजार 859 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 1 लाख 80 हजार 963 पुरुष और 1 लाख 79 हजार 882 महिला और 14 अन्य मतदाता हैं। चुनाव के लिए 589 मतदान केंद्र स्थापित किए जाएंगे।
कब आएगा रिजल्ट?
शहरी निकायों के लिए नामांकन 29 अप्रैल, 30 अप्रैल और 2 मई को दर्ज किए जाएंगे। वहीं, नामांकन पत्रों की छंटनी 4 मई को होगी। इसके बाद नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 6 मई तय की गई है। शहरी निकायों के लिए 17 मई को सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक मतदान होगा। नगर परिषद और नगर पंचायतों के मतों की गणना मतदान वाले दिन यानी 17 मई को ही कर ली जाएगी जबकि चारों नगर निगमों के मतों की गणना 31 मई को होगी।
प्रत्याशी कितना खर्च कर सकेंगे?
राज्य चुनाव आयोग ने प्रत्याशियों के लिए चुनाव खर्च की सीमा भी निर्धारित कर दी है। नगर निगम के प्रत्याशी अधिकतम एक लाख रुपये, नगर परिषद के प्रत्याशी 75 हजार रुपये और नगर पंचायत के प्रत्याशी 50 हजार रुपये तक खर्च कर सकेंगे। शहरी निकायों के चुनाव में 1808 मतदाता पहली बार अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
आदर्श आचार संहिता लागू
राज्य चुनाव आयुक्त अनिल खाची ने स्पष्ट किया कि फिलहाल सिर्फ शहरी निकाय चुनावों की घोषणा की गई है। पंचायत चुनाव का ऐलान अभी नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि एक सप्ताह के भीतर पंचायत चुनाव की अधिसूचना भी जारी कर दी जाएगी। चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही प्रदेश के 51 शहरी निकायों में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। (रिपोर्ट: कपिल ठाकुर)
ये भी पढ़ें- मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा- 'पीएम मोदी आतंकवादी हैं...', आगबबूला हुई BJP तो देनी पड़ी सफाई
चुनाव प्रचार के बीच पप्पू यादव की तबीयत बिगड़ी, महिला आयोग ने आज ही भेजा था नोटिस