A
  1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. शपथ ग्रहण से पहले भावुक पल, CM पद की शपथ लेने से ठीक पहले मां का आशीर्वाद लेते दिखे डीके शिवकुमार

शपथ ग्रहण से पहले भावुक पल, CM पद की शपथ लेने से ठीक पहले मां का आशीर्वाद लेते दिखे डीके शिवकुमार

मुख्यमंत्री पद के लिए नामित डीके शिवकुमार आज लोक भवन में पद की शपथ लेंगे। उससे पहले उन्होंने अपनी मां के पैर छूकर उनका आशीर्वाद लिया।

मां के पैर छूकर आशीर्वाद लेते डीके शिवकुमार- India TV Hindi
Image Source : ANI मां के पैर छूकर आशीर्वाद लेते डीके शिवकुमार

कर्नाटक में नई सरकार के गठन की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। मुख्यमंत्री पद के लिए नामित डीके शिवकुमार के साथ आज 13 विधायक मंत्री पद की शपथ लेंगे। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जी. परमेश्वर राज्य के नए उपमुख्यमंत्री होंगे। डीके शिवकुमार आज लोक भवन में सीएम पद की शपथ लेंगे। उससे पहले उन्होंने अपनी मां, गौराम्मा के पैर छूकर उनका आशीर्वाद लिया, जिसकी तस्वीर सामने आई है।

कांग्रेस विधायक दल के नेता डीके शिवकुमार ने मंत्रियों की अंतिम लिस्ट राज्यपाल थावरचंद गहलोत को भेज दी है। राज्यपाल को लिखे अपने पत्र में उन्होंने अनुरोध किया, "मैं माननीय राज्यपाल से विनम्र अनुरोध करता हूं कि वह मुख्यमंत्री और कैबिनेट मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएं।"

ग्लास हाउस में होगा समारोह

राज्यपाल थावरचंद गहलोत आज शाम 4 बजकर 5 मिनट पर लोक भवन के ग्लास हाउस में आयोजित भव्य समारोह में नए मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और कैबिनेट मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे।

कैबिनेट में सिद्धारमैया के बेटे भी शामिल

शपथ लेने वाले मंत्रियों में से अधिकांश नेता सिद्धरमैया के नेतृत्व वाली पिछली सरकार में भी मंत्री रह चुके हैं। इस बार कैबिनेट में नए और पुराने चेहरों का संतुलन बनाने की कोशिश की गई है। निवर्तमान मुख्यमंत्री सिद्धरमैया के पुत्र यतींद्र सिद्धरमैया और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष यू.टी. खादर को छोड़कर बाकी सभी नाम पुरानी कैबिनेट का हिस्सा रह चुके हैं।

शपथ लेने वाले मंत्रियों की लिस्ट-

  1. डी.के. शिवकुमार (मुख्यमंत्री)
  2. जी. परमेश्वर (उपमुख्यमंत्री)
  3. के.एच. मुनियप्पा
  4. के.जे. जॉर्ज
  5. एम.बी. पाटिल
  6. रामलिंगा रेड्डी
  7. सतीश जारकीहोली
  8. कृष्णा बायरेगौड़ा
  9. प्रियांक खरगे
  10. यू.टी. खादर (पूर्व विधानसभा अध्यक्ष)
  11. ईश्वर खंड्रे
  12. यतींद्र सिद्धरमैया (सिद्धरमैया के पुत्र)
  13. बिरथी सुरेश
  14. शरण प्रकाश पाटिल

आपको बता दें कि 28 मई को आलाकमान के साथ हुए समझौते के तहत सिद्दारमैया ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। इसके बाद 30 मई को बेंगलुरु में हुई कांग्रेस विधायक दल की बैठक में सिद्दारमैया ने खुद डीके शिवकुमार के नाम का प्रस्ताव रखा, जिसे सर्वसम्मति से स्वीकार कर लिया गया। इसके बाद शिवकुमार ने राज्यपाल थावरचंद गहलोत से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया। आज डीके शिवकुमार आखिरकार कर्नाटक के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ले रहे हैं।

ये भी पढ़ें-

CM शुभेंदु की बैठक में पहुंच गए TMC के 18 विधायक, सामने आ गई लिस्ट, इधर ममता बनर्जी ने भी उठा लिया बड़ा कदम

दिल्ली में मालवीय नगर इलाके में कैसे लगी आग, जलकर 21 लोगों की कैसे हुई मौत? कौन है होटल का मालिक

Latest India News