A
  1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. 'प्रयास भले ही विफल हो जाये, लेकिन प्रार्थना विफल नहीं होती', DK शिवकुमार की पोस्ट से बढ़ी सियासी हलचल

'प्रयास भले ही विफल हो जाये, लेकिन प्रार्थना विफल नहीं होती', DK शिवकुमार की पोस्ट से बढ़ी सियासी हलचल

कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री DK शिवकुमार ने राज्य में सत्ता के लिए जारी खींचतान के बीच सोशल मीडिया पर पोस्ट कर के कहा है कि 'प्रयास भले ही विफल हो जाये, लेकिन प्रार्थना विफल नहीं होती।'

dk shivakumar post karnataka- India TV Hindi
Image Source : PTI डीके शिवकुमार की पोस्ट से बढ़ी हलचल। (फाइल फोटो)

कर्नाटक में सत्ताधारी दल कांग्रेस में मुख्यमंत्री पद को लेकर खींचतान लगातार जारी है। इस बीच कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री सिद्धरमैया और उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के साथ एक संक्षिप्त मुलाकात की है जिसके बाद राज्य में राजनीतिक अटकलों का दौर और तेज हो गया है। इस बीच उपमुख्यमंत्री और मुख्यमंत्री पद के प्रमुख दावेदार डीके शिवकुमार ने सोशल मीडिया पर एख अहम पोस्ट किया है।

क्या बोले डीके शिवकुमार?

'प्रयास भले ही विफल हो जाये लेकिन प्रार्थना विफल नहीं होती'। डिप्टी सीएम DK शिवकुमार ने कुछ देर पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर ऐसा लिखकर लोगों का ध्यान खींचा है। राजनीति के जानकार इसे एक पॉलिटिकल मैसेजिंग के तौर पर देख रहे हैं। गौरतलब है कि उप मुख्यमंत्री DK शिवकुमार CM बनना चाहते हैं और सिद्धारमैया ने साफ कह दिया है कि पार्टी आलाकमान इस बात का फैसला करेगा।

शिवकुमार और सिद्धारमैया से मिले राहुल गांधी

आपको बता दें कि पिछले महीने इस सिलसिले में राहुल गांधी से मिलने की DK शिवकुमार की सारी कोशिशें नाकाम रही थीं। लेकिन मंगलवार को तमिलनाडु से दिल्ली लौटने के रास्ते में मैसुरु एयरपोर्ट पर टारमेक पर ही राहुल गांधी ने पहले DK शिवकुमार और फिर CM सिद्धारमैया से अलग-अलग अकेले में मुलाकात की।

सोशल मीडिया पोस्ट के क्या मायने?

आज के DK शिवकुमार के ट्वीट को देखकर लगता है कि राहुल गांधी ने उन्हें अभी और इंतजार करने को कहा है। सूत्रों के मुताबिक इस बारे में विस्तृत चर्चा के लिए दोनों नेताओं को जल्द ही दिल्ली बुलाने की बात राहुल गांधी ने कही है।

सिद्धारमैया ने अटकलों को खारिज किया

बता दें कि इससे पहले कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने मंगलवार को राज्य में संभावित बदलाव को लेकर जारी अटकलों को खारिज कर दिया था। उन्होंने कहा था कि कांग्रेस आलाकमान जो भी फैसला करेगा वह उस फैसले का पालन करेंगे। हालांकि, सिद्धारमैया और शिवकुमार के बीच जारी खींचतान और सरकार में जारी फेरबदल की चर्चाओं को देखते हुए दोनों की राहुल गांधी के साथ मुलाकात को अहम माना जा रहा है।

ये भी पढ़ें- राहुल गांधी से सिद्धारमैया की मुलाकात, कर्नाटक में CM पद में बदलाव की अटकलों पर खुद दिया जवाब, जानिए क्या कहा

'नेशनल हेराल्ड' पर कर्नाटक सरकार ने की पैसों की बारिश, खूब दिए विज्ञापन; राज्य में जीरो हैं पाठक

Latest India News