उत्तर प्रदेश: इस शहर में दिनदहाड़े चाकूबाजी, दो की मौत, एक घायल, इलाके में फैली दहशत
उत्तर प्रदेश: इस शहर में दिनदहाड़े चाकूबाजी, दो की मौत, एक घायल, इलाके में फैली दहशत
IndiaTV Hindi Desk
Published : Oct 12, 2020 05:47 pm IST, Updated : Oct 12, 2020 05:47 pm IST
सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि प्रारम्भिक जांच में यह सामने आया है कि दोनों मृतक और घायल की छवि अच्छी नहीं है और वारदात को अंजाम देने वाले लोग भी उनके बेहद करीबी हैं।
Image Source : INDIA TVAzamgarh Crime News: शहर में दिनदहाड़े चाकूबाजी, दो की मौत, एक घायल, इलाके में फैली दहशत
आजमगढ़. उत्तर प्रदेश में आपराधिक घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला सामने आया है पूर्वी यूपी के आजमगढ़ से जहां, सोमवार को सरेआम चाकूबाजी की घटना देखने को मिली, जिसके बाद इलाके में दहशत फैल गई। दरअसल आजमगढ़ जिले के निजामाबाद क्षेत्र में सोमवार को आपसी विवाद में हुई चाकूबाजी की वारदात में दो युवकों की मौत हो गई तथा एक अन्य गंभीर रूप से जख्मी हो गया।
पुलिस अधीक्षक सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि निजामाबाद थाना क्षेत्र के चकिया हुसैनाबाद गांव में आपसी विवाद में हुई चाकूबाजी की घटना में असमर (23), काजिम (25) और 22 वर्षीय मुशीर नामक युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गए। तीनों को अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने काजिम और असमर को मृत घोषित कर दिया। मुशीर का इलाज एक निजी अस्पताल में किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि पुलिस को पहले ऐसी सूचना मिली थी कि मोटरसाइकिल सवार तीन व्यक्तियों को गोली मार दी गयी है। सूचना के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जांच में पता चला कि गोली चलने की घटना नहीं बल्कि चाकू बाजी हुई है।
सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि प्रारम्भिक जांच में यह सामने आया है कि दोनों मृतक और घायल की छवि अच्छी नहीं है और वारदात को अंजाम देने वाले लोग भी उनके बेहद करीबी हैं। उन्होंने बताया कि घटना में पिछले महीने तक रेलवे टिकट का अवैध धंधा करने वाले आरिफ उर्फ मुन्ना के बेटे का नाम प्रकाश में आ रहा है। फिलहाल पुलिस की टीमें जांच पड़ताल में जुटी है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जायेगा। (Input- भाषा)