कटरा: शारदीय नवरात्रि के पहले दिन कटरा में श्री माता वैष्णो देवी मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ रही है। श्री माता वैष्णो देवी मंदिर के बेस कैंप में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जमा हो गई है। माता वैष्णो देवी का आशीर्वाद पाने के लिए यात्रा शुरू करने से पहले RFID कार्ड लेने के लिए काउंटर पर भारी भीड़ देखी जा रही है। पहाड़ी रास्ते पर चढ़ाई शुरू करने के लिए 'दर्शनी ड्योढ़ी' पर लंबी कतारें देखी जा सकती हैं।
नवरात्रि के दौरान भीड़ रहने की उम्मीद
श्री माता वैष्णो देवी भवन को शानदार रोशनी से सजाया गया है, जिससे त्रिकूट पहाड़ियों के बीच एक दिव्य माहौल बन गया है। एक पुजारी ने बताया कि आज रविवार है, इसलिए काफ़ी भीड़ होगी। इन नौ दिनों में तीर्थयात्रियों की भारी भीड़ होने की उम्मीद है।
Image Source : X@OfficialSMVDSBश्री माता वैष्णो देवी मंदिर में भक्तों की भीड़
सुकराला माता मंदिर में भी भारी भीड़
वहीं, कठुआ जिले में भी भक्ति का ऐसा ही माहौल देखने को मिला, जहां बिल्लावर के ऐतिहासिक सुकराला माता मंदिर में भारी भीड़ जमा देखी जा रही है। मंदिर परिसर को ताजे फूलों और फलों से सजाया गया है और स्थानीय प्रशासन ने भीड़ को संभालने के लिए कई स्तरों पर सुरक्षा और नागरिक सुविधाएं सुनिश्चित की हैं। बिल्लावर के अतिरिक्त उपायुक्त (ADC) विश्वजीत सिंह ने कहा, "इस बार हमने माता के गर्भगृह को पूरी तरह से सुंदर बनाने और सजाने की हर संभव कोशिश की है। हम तीर्थयात्रियों का स्वागत करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं ताकि वे यहां आ सकें और इस पवित्र मंदिर में माता सुकराला का आशीर्वाद प्राप्त कर सकें।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
इसके अलावा, यहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। इलाके की सुरक्षा और निगरानी के लिए CRPF, जम्मू-कश्मीर पुलिस (JKP) और अन्य सुरक्षा एजेंसियों को तैनात किया गया है।
देश भर के मंदिरों में भी भीड़
नवरात्रि के पहले देश भर के सभी मंदिरों में आज सुबह से श्रद्धालुओं की भीड़ देखी जा रही है। असम में गुवाहाटी की नीलाचल पहाड़ियों पर बने पवित्र कामाख्या मंदिर में सुबह-सुबह पूजा-पाठ के लिए भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। उत्तराखंड में त्योहार के पहले दिन हरिद्वार के मनसा देवी मंदिर में भक्तों ने पूजा-अर्चना की। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में इस मौके पर छतरपुर मंदिर और काली बाड़ी समेत खास मंदिरों में भक्तों को पूजा करते देखा गया।
बता दें कि शरदीय नवरात्रि हिंदू चंद्र कैलेंडर के आश्विन महीने के पहले दिन शुरू होती है और इसे पूरी श्रद्धा के साथ मनाया जाता है। इस त्योहार का समापन विजयादशमी यानी दशहरा के साथ होता है, जो बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है।
ये भी पढ़ेंः कश्मीर में बदला मौसम का मिजाज, गुलमर्ग समेत कई टूरिस्ट डेस्टिनेशन पर ताजा बर्फबारी, मैदानी इलाकों में बारिश