A
  1. Hindi News
  2. जम्मू और कश्मीर
  3. Pahalgam Attack: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों पर आतंकी हमला, 26 की मौत- सूत्र

Pahalgam Attack: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों पर आतंकी हमला, 26 की मौत- सूत्र

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमला हुआ है। आतंकियों ने पर्यटकों पर गोली चलाई है जिसमें सूत्रों के मुताबिक, कम से कम 26 पर्यटकों के मारे जाने की खबर है।

Pahalgam Terror Attack, Pahalgam Terrorist attack, Jammu Kashmir- India TV Hindi
Image Source : PTI REPRESENTATIONAL जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में बड़ा आतंकी हमला हुआ है।
केंद्रशासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर से दिल दहला देने वाली आतंकी वारदात सामने आई है। जानकारी के मुताबिक, प्रदेश के पहलगाम इलाके में आतंकवादियों ने पर्यटकों पर हमला किया है। इस हमले में अब तक 26 पर्यटकों के मारे जाने की खबर सामने आई है। वहीं, कई पर्यटक घायल भी हैं। इस घटना के बाद सुरक्षाबलों के जवानों ने इलाके में सर्च ऑपरेशन को शुरू कर दिया है।

कैसे हुआ आतंकी हमला?

अब तक मिली जानकारी के मुताबिक, पहलगाम में आतंकवादियों ने करीब 3 से 5 मिनट तक गोलीबारी की। इसके बाद वह वहां से भाग गए। इस आतंकी हमले के कुछ देर बाद सूत्रों ने 26 लोगों की मौत की खबर दी है। घायलों को अनंतनाग के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। भारतीय सेना विक्टर फोर्स और स्पेशल फोर्स, जम्मू-कश्मीर पुलिस की एसओजी और सीआरपीएफ द्वारा ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है।

इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू

पहलगाम में आतंकियों की ओर से फायरिंग के बाद इलाके में सर्च ऑपरेशन को शुरू कर दिया गया है। शीर्ष अधिकारियों की ओर से इस घटना की पुष्टि की गई है। सेना के जवान और जम्मू-कश्मीर पुलिस के जवान मौके पर मौजूद हैं। सेना के अधिकारी भी अधिक जानकारी प्राप्त करने का प्रयास कर रहे हैं। अब तक आतंकियों और सेना के बीच गोलीबारी की खबर नहीं आई है। इस घटना को लेकर अधिक जानकारी की प्रतीक्षा है।

https://www.youtube.com/watch?v=SbDgjKPEZns

जानकारी के मुताबिक, सेना के 15 कोर कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल प्रशांत श्रीवास्तव हेलीकॉप्टर से घटनास्थल पर पहुंचे हैं। भारतीय सेना की विक्टर फोर्स के जवान आतंकवादियों की तलाश के लिए घाटी के शीर्ष पर पहुंच गए हैं। आतंकियों के खिलाफ ऑपरेशन शुरू हो गया है।

https://www.youtube.com/watch?v=1dND96h3giA