1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. क्या होती है सेना की विक्टर फोर्स? जो पहलगाम में आतंकी हमला करने वाले आतंकियों को ढूंढ रही

क्या होती है सेना की विक्टर फोर्स? जो पहलगाम में आतंकी हमला करने वाले आतंकियों को ढूंढ रही

 Edited By: Amar Deep
 Published : Apr 22, 2025 05:06 pm IST,  Updated : Apr 22, 2025 06:04 pm IST

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकियों ने पर्यटकों पर हमला कर दिया है। इस हमले के बाद से इलाके में विक्टर फोर्स आतंकियों की तलाशी में जुट गई है। विक्टर फोर्स क्या होती है, आइये जानते हैं।

विक्टर फोर्स।- India TV Hindi
विक्टर फोर्स। Image Source : PTI/FILE

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमले का मामला सामने आया है। यहां आतंकवादियों ने पर्यटकों को निशाना बनाया है। इस हमले में एक पर्यटक की मौत हो गई है, जबकि कई घायल भी हैं। वहीं मौके पर भारतीय सेना की विभिन्न टुकड़ियां सर्च ऑपरेशन में जुटी हुई हैं। इसमें भारतीय सेना की विक्टर फोर्स और स्पेशल फोर्स, जम्मू-कश्मीर पुलिस की एसओजी और सीआरपीएफ द्वारा ऑपरेशन चलाया जा रहा है। भारतीय सेना की विक्टर फोर्स के जवान आतंकवादियों की तलाश के लिए घाटी के शीर्ष पर पहुंच गए हैं। ऐसे में आइये विक्टर फोर्स के बारे में जानते हैं।

क्या है विक्टर फोर्स

दरअसल, भारतीय सेना को साहस और पराक्रम के लिए जाना जाता है। भारतीय सेना के अंतर्गत कई यूनिट्स होती हैं। विक्टर फोर्स भी भारतीय सेना की एक युनिट है। विक्टर फोर्स मुख्य रूप से जम्मू-कश्मीर में आतंक विरोधी अभियानों को अंजाम देने का काम करती है। विक्टर फोर्स राष्ट्रीय राइफल्स (RR) की एक शाखा है। विक्टर फोर्स मुख्य रूप से जम्मू-कश्मीर के दक्षिणी जिलों अनंतनाग, पुलवामा, कुलगाम और शोपियां में विभिन्न ऑपरेशन्स को अंजाम देती है। ये सभी जिले आतंकवाद के तौर पर काफी संवेदनशील माने जाते हैं। विक्टर फोर्स ने कई बड़े ऑपरेशनों को सफलतापूर्वक अंजाम भी दिया है। इसमें ऑपरेशन ऑल आउट भी शामिल है। इसके तहत कश्मीर घाटी में सक्रिय कई बड़े आतंकियों को मारा गया। इसके अलावा, यह फोर्स पत्थरबाजी और भीड़ नियंत्रण जैसे मुद्दों से भी निपटती है।

आतंकियों के खिलाफ ऑपरेशन

विक्टर फोर्स की बात करें तो यह राष्ट्रीय राइफल्स  की ही एक शाखा है। राष्ट्रीय राइफल्स का गठन 1990 के दशक की शुरुआत में हुआ था। वहीं विक्टर फोर्स की स्थापना 1994 में की गई थी। राष्ट्रीय राइफल के कुल पांच अंग हैं। इसमें रोमियो फोर्स, डेल्टा फोर्स, विक्टर फोर्स, किलो फोर्स और यूनिफार्म फोर्स शामिल हैं। विक्टर फोर्स भी इन्हीं में से एक है। विक्टर फोर्स मूल रूप से आतंकवाद विरोध गतिविधियों को अंजाम देती है इसे सेना की खूंखार यूनिट्स में एक माना जाता है।

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत