A
  1. Hindi News
  2. जम्मू और कश्मीर
  3. कश्‍मीर जाने वालों के लिए खुशखबरी, आज से दौड़ेगी वंदे भारत एक्सप्रेस, 9 घंटे का सफर 5 में होगा पूरा, जानें शेड्यूल

कश्‍मीर जाने वालों के लिए खुशखबरी, आज से दौड़ेगी वंदे भारत एक्सप्रेस, 9 घंटे का सफर 5 में होगा पूरा, जानें शेड्यूल

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने जम्मू तवी रेलवे स्टेशन से विस्तारित श्रीनगर-कटरा वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। अब वैष्णो देवी जाने वाले श्रद्धालुओं को कटरा स्टेशन पर ट्रेन बदलने का झंझट नहीं होगा। वे सीधे जम्मू तवी से वंदे भारत में बैठकर कटरा और आगे श्रीनगर तक पहुंच सकेंगे।

वंदे भारत एक्सप्रेस- India TV Hindi
Image Source : PTI वंदे भारत एक्सप्रेस

कश्‍मीर घाटी जाने वालों के लिए खुशखबरी है। अब आप दिल्‍ली से जम्‍मू और वहां से वंदे भारत में बैठकर सीधा कश्‍मीर जा सकते हैं। दरअसल, श्री माता वैष्णो देवी कटरा से श्रीनगर के बीच चलाई जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस को जम्मू तवी तक विस्तारित किया जा रहा है। आज रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने जम्मू तवी रेलवे स्टेशन से विस्तारित श्रीनगर-कटरा वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखा दी है। ये ट्रेन, जो पहले श्रीनगर से श्री माता वैष्णो देवी कटरा तक चलती थी, अब जम्मू तवी तक चलेगी। 

कटरा स्टेशन पर ट्रेन बदलने का झंझट खत्म

अब जम्‍मू से कश्‍मीर तक 9 घंटे का सफर अब सिर्फ 5 घंटे में पूरा होगा। इस ट्रेन का आज औपचारिक उद्घाटन हुआ है, 2 मई से इसकी नियमित सेवाएं शुरू होगी। इस रूट पर दो ट्रेनें चलाई जाएंगी। जिससे अब वैष्णो देवी दर्शन करने जाने वाले श्रद्धालुओं को कटरा स्टेशन पर ट्रेन बदलने का झंझट नहीं होगा। वे सीधे जम्मू तवी से वंदे भारत में बैठकर कटरा और आगे श्रीनगर तक पहुंच सकेंगे।

क्या होगा ट्रेन का शेड्यूल?

  • जम्मू तवी से पहली वंदे भारत ट्रेन सुबह 6.20 बजे चलेगी और दूसरी दोपहर 1.02 बजे चलेगी।
  • श्रीनगर से सुबह 8.00 बजे और दोपहर 2.00 बजे ट्रेन जम्मू के लिए रवाना होगी।
  • ये ट्रेन हफ्ते में 6 दिन चलेंगी और एक दिन मेंटेनेंस के लिए रुकेगी। 
  • यह केवल दो स्‍टेशनों श्री माता वैष्णो देवी कटरा और बनिहाल में रुकेगी। कम स्टॉपेज के कारण यात्रा समय में काफी कम होगा।

Image Source : ptiवंदे भारत एक्सप्रेस

कितना होगा किराया?

AC चेयर कार का किराया 715 रुपये और एग्जीक्यूटिव चेयर कार में किराया 1,515 रुपये तक है। इसमें खाने की सुविधा भी शामिल है।

तीर्थयात्रियों और पर्यटकों को मिलेगी कन्फर्म सीट

बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 6 जून, 2025 को कटरा-श्रीनगर वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई थी। उस समय इस ट्रेन में सिर्फ 8 डिब्बे थे। उद्घाटन के बाद से ही श्रीनगर वंदे भारत एक्सप्रेस पूरी क्षमता से चल रही है और इसे यात्रियों की जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली है, जिसे देखते हुए इसमें डिब्बों की संख्या 8 से बढ़ाकर 20 करने का फैसला लिया गया है। रेलवे के इस कदम से श्रीनगर वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन में बैठने की क्षमता दोगुना से भी ज्यादा हो जाएगी। खासतौर पर तीर्थयात्रा और पर्यटन के व्यस्त मौसम के दौरान रिजर्वेशन और वेटिंग लिस्ट पर दबाव बहुत कम हो जाएगा।

कोचों की संख्या बढ़ने से अब यात्रियों को सीट न मिलने की संभावना काफी कम हो जाएगी। जम्मू-तवी तक विस्तार के साथ ही, 20 कोच वाली वंदे भारत रेल अपने सबसे बड़े यात्री शहर तक उसकी क्षमता के अनुरूप पहुंचेगी। ये ट्रेन मांग के अनुरूप बनाई गई है जो हमेशा से इसकी बढ़ती मांग को पूरा करती आई है।

यह भी पढ़ें-

झारखंड और बंगाल के लिए रेलवे का बड़ा तोहफा, चलाईं कई समर स्पेशल ट्रेनें, देखें लिस्ट

न वंदे भारत, न राजधानी, न शताब्दी! इस ट्रेन ने कमाई के मामले में सबको पीछे छोड़ा; रेलवे ने जारी की लिस्ट