A
  1. Hindi News
  2. जम्मू और कश्मीर
  3. जम्मू-कश्मीर में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, नौकरशाही के 129 पदों पर हुआ तबादला

जम्मू-कश्मीर में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, नौकरशाही के 129 पदों पर हुआ तबादला

जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने 108 अधिकारियों का तबादला कर दिया है। तबादला किए गए अधिकारियों में सचिव, निदेशक, विशेष सचिव और प्रबंध निदेशक जैसे अहम पदों पर तैनात अधिकारी शामिल हैं।

प्रतीकात्मक फोटो- India TV Hindi
Image Source : FILE (PTI) प्रतीकात्मक फोटो

जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने गुरुवार को नौकरशाही में एक बड़ा फेरबदल करते हुए 108 अधिकारियों का तबादला कर दिया। इस आदेश से कुछ घंटे पहले ही उपराज्यपाल प्रशासन ने भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के 7 और जम्मू-कश्मीर पुलिस सेवा (जेकेपीएस) के 14 अधिकारियों सहित कुल 21 पुलिस अधिकारियों का तबादला किया था।

108 प्रशासनिक अधिकारियों का ट्रांसफर 

सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी आदेश में जम्मू-कश्मीर प्रशासनिक सेवा (JKAS) के अधिकारियों सहित कुल 108 अधिकारियों का स्थानांतरण किया गया है। तबादला किए गए अधिकारियों में सचिव, निदेशक, विशेष सचिव और प्रबंध निदेशक जैसे महत्वपूर्ण पदों पर तैनात अधिकारी शामिल हैं।

प्रमुख प्रशासनिक तबादले 

नसीर अहमद वानी: लोक निर्माण (आर एंड बी) विभाग के विशेष सचिव थे। इन्हें स्कूल शिक्षा, कश्मीर का निदेशक नियुक्त किया गया है। वह 31 अक्टूबर को सेवानिवृत्त हो रहे गुलाम नबी इटू का स्थान लेंगे।

सूचना विभाग के सचिव मुनीर-उल-इस्लाम अगले आदेश तक अपने मौजूदा कर्तव्यों के अलावा भवन एवं अन्य सन्निर्माण श्रमिक कल्याण बोर्ड के सीईओ/सचिव का अतिरिक्त कार्यभार संभालेंगे।

जम्मू-कश्मीर वित्तीय निगम के प्रबंध निदेशक मथोरा मासूम को स्थानांतरित कर उन्हें कश्मीर में पुष्पकृषि निदेशक के पद पर तैनात किया गया है।

21 पुलिस अधिकारियों का तबादला

उपराज्यपाल मनोज सिन्हा के निर्देश पर गृह विभाग ने 7 आईपीएस अधिकारियों और 14 जम्मू-कश्मीर पुलिस सेवा (जेकेपीएस) के अधिकारियों सहित कुल 21 पुलिस अधिकारियों के तबादले का आदेश जारी किया। इस फेरबदल में पांच जिलों के पुलिस प्रमुख (SSPs) भी शामिल हैं।

  • वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी अब्दुल गनी मीर, जिन्हें हाल ही में एजीएमयूटी कैडर के जम्मू और कश्मीर खंड में तैनात किया गया था, को होम गार्ड, नागरिक सुरक्षा और एसडीआरएफ का कमांडेंट जनरल नियुक्त किया गया है।
  • साइबर अपराध जांच उत्कृष्टता केंद्र (सीआईसीई), जम्मू के एसएसपी मोहम्मद यासीन किचलू को सहायक प्रशिक्षण केंद्र (एसटीसी), तलवारा का प्रचार्य बनाया गया है।
  • एसएसपी, सुरक्षा जम्मू-कश्मीर के पद पर शोभित सक्सेना (एसएसपी कठुआ से स्थानांतरित) को तैनात किया गया है।
  • एसआईए मुख्यालय की एसपी तनुश्री को एसएसपी, पुलवामा के पद पर स्थानांतरित किया गया है।
  • कुलगाम के एसएसपी साहिल सारंगल को हंदवाड़ा का एसएसपी जबकि मोहिता शर्मा को कठुआ का एसएसपी नियुक्त किया गया है।
  • शोपियां के एसएसपी अनायत अली चौधरी का तबादला कर उन्हें कुलगाम का एसएसपी नियुक्त किया गया है।

ये भी पढ़ें-

बोलेरो ड्राइवर ने मचाया गदर, बुजुर्ग को रौंदकर भागा, पकड़ने के लिए फिल्मी स्टाइल में लटक गए लोग; CCTV फुटेज आया सामने

CBI की बड़ी सफलता, सऊदी अरब से वांडेट शीला कल्याणी भारत लाई गई, क्रिमिनल साजिश के मामले में थी फरार