1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. बोलेरो ड्राइवर ने मचाया गदर, बुजुर्ग को रौंदकर भागा, पकड़ने के लिए फिल्मी स्टाइल में लटक गए लोग; CCTV फुटेज आया सामने

बोलेरो ड्राइवर ने मचाया गदर, बुजुर्ग को रौंदकर भागा, पकड़ने के लिए फिल्मी स्टाइल में लटक गए लोग; CCTV फुटेज आया सामने

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Oct 09, 2025 04:40 pm IST,  Updated : Oct 09, 2025 05:01 pm IST

एक बोलेरो चालक ने तेज रफ्तार में वाहन चलाते हुए बुजुर्ग को जोरदार टक्कर मार दी। इसके बाद कुछ दूरी पर जाकर बोलेरो एक स्कॉर्पियो से टकरा गई।

बोलेरो ने बुजुर्ग को मारी जोरदार टक्कर- India TV Hindi
बोलेरो ने बुजुर्ग को मारी जोरदार टक्कर Image Source : REPORT

राजस्थान के झुंझुनूं जिले के रोड नंबर एक इलाके में बुधवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब एक बोलेरो चालक ने तेज रफ्तार में वाहन चलाते हुए सीआरपीएफ सब-इंस्पेक्टर के पिता को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में घायल 55 वर्षीय रामेश्वरलाल को गंभीर हालत में जयपुर रेफर किया गया है। गुरुवार को घटना से जुड़ा सीसीटीवी फुटेज सामने आया है।

टक्कर मारकर भागा, तंग गलियों में दौड़ाई गाड़ी

जानकारी के अनुसार, कैण्ड गांव निवासी रामेश्वरलाल बुधवार शाम करीब 6.0 बजे पड़ोसी रतनलाल जाट के साथ बीडीके अस्पताल से जांच कराकर लौट रहे थे। सोनू-मोनू कॉम्पलेक्स के पास सड़क पार करते समय उन्हें एक तेज रफ्तार बोलेरो ने टक्कर मार दी।

हादसे के तुरंत बाद रामेश्वरलाल के साथी रतनलाल जाट ने आरोपी को रोकने की हिम्मत दिखाई और बोलेरो पर चढ़ गए। हालांकि, आरोपी चालक ने गाड़ी नहीं रोकी, बल्कि रतनलाल को लटकाए हुए ही गाड़ी को बाजार की तंग गलियों में तेज रफ्तार से दौड़ाना शुरू कर दिया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

स्कॉर्पियो से टकराने के बाद पकड़ा गया आरोपी

चालक गाड़ी भगाता रहा, लेकिन कुछ दूरी पर जाकर उसकी बोलेरो एक स्कॉर्पियो से टकरा गई। इस मौके का फायदा उठाते हुए घटनास्थल पर मौजूद दुकानदारों ने तुरंत कार्रवाई की और बोलेरो चालक को धर दबोचा।

पुलिस ने आरोपी की पहचान अजाड़ी खुर्द निवासी दलीप सिंह पुत्र ओमसिंह जाट के रूप में की है। बताया जा रहा है कि आरोपी इंदिरा नगर से अपने गांव लौट रहा था और टक्कर के वक्त वह कथित तौर पर नशे की हालत में था।

पुलिस ने बोलेरो जब्त कर आरोपी को हिरासत में लिया

हादसे में गंभीर रूप से घायल रामेश्वरलाल को पहले बीडीके अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें जयपुर रेफर कर दिया। पुलिस ने घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में ले लिया है, जिसमें आरोपी की लापरवाही स्पष्ट दिख रही है। पुलिस ने बोलेरो गाड़ी को जब्त कर चालक दलीप सिंह को हिरासत में ले लिया है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

(रिपोर्ट- अमित शर्मा)

ये भी पढ़ें-

"भूला हुआ चैप्टर", जूता फेंकने वाली घटना पर CJI गवई की प्रतिक्रिया, साथी जज बोले- "मजाक नहीं, SC का अपमान है"

बिहार चुनाव 2025: कल से ही काउंटडाउन हो जाएगा शुरू, सीटों को लेकर NDA और INDI में कहां फंसा पेंच?

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। राजस्थान से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।