A
  1. Hindi News
  2. जम्मू और कश्मीर
  3. रमजान के महीने में फैशन शो की परमिशन किसने दी? CM उमर अब्दुल्ला ने जांच का आदेश दिया; आयोजकों ने मांगी माफी

रमजान के महीने में फैशन शो की परमिशन किसने दी? CM उमर अब्दुल्ला ने जांच का आदेश दिया; आयोजकों ने मांगी माफी

जम्मू-कश्मीर के गुलमर्ग में हुए फैशन शो को लेकर विधानसभा में सोमवार को विपक्ष और सत्ता पक्ष के बीच तीखी नोकझोंक हुई। रमजान के महीने में आयोजित फैशन शो की व्यापक आलोचना हो रही है। सीएम उमर अब्दुल्ला ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं।

cm omar abdullah- India TV Hindi
Image Source : PTI मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला

जम्मू: रमजान माह में गुलमर्ग फैशन शो को लेकर उठे विवाद के बीच जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने सोमवार को कहा कि उनकी सरकार साल के किसी भी माह में इस तरह के आयोजन की अनुमति नहीं देती। फैशन शो को कई सदस्यों ने ‘‘अश्लील’’ बताया और विधानसभा में इसका विरोध किया गया। मुख्यमंत्री ने विधानसभा को अवगत कराया, ‘‘हमने पहले ही इसकी जांच के आदेश दे दिए हैं, लेकिन प्रारंभिक तथ्यों से पता चला है कि यह एक निजी होटल में एक निजी आयोजक द्वारा आयोजित चार दिवसीय एक कार्यक्रम था। फैशन शो सात मार्च को आयोजित किया गया था और कुछ ऐसी बातें सामने आई हैं, जिससे लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं, जो गलत नहीं हैं।’’

वहीं, अब खबर है कि फैशन-शो के आयोजकों ने इस मामले में माफी मांगी है। उन्होंने इंस्टाग्राम से वीडियो भी हटा दिया है।

'कश्मीर में अश्लीलता बर्दाश्त नहीं'

इससे पहले फैशन शो और कठुआ जिले के बिलावर इलाके में तीन नागरिकों की हत्या के मुद्दे को लेकर प्रश्नकाल के दौरान काफी हंगामा हुआ। प्रश्नकाल के बाद सदन में बयान देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सदस्यों की ‘‘निराशा और चिंता’’ वास्तविक है। कश्मीर के मुख्य धर्मगुरु मीरवाइज उमर फारूक ने रविवार को कहा कि पर्यटन को बढ़ावा देने के नाम पर अश्लीलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘‘घृणास्पद! रमजान के पाक माह में गुलमर्ग में एक अश्लील फैशन शो आयोजित किया गया। इसकी तस्वीरें और वीडियो वायरल हो गए हैं, जिससे लोगों में रोष फैल गया है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘यह घाटी में कैसे बर्दाश्त किया जा सकता है जो अपनी सूफी, संत संस्कृति और अपने लोगों के गहरे धार्मिक दृष्टिकोण के लिए जानी जाती है?’’

गुलमर्ग में किसने कराया फैशन शो?

यह फैशन शो एक ब्रांड ने 7 मार्च को आयोजित किया था। यह ब्रांड खुद को 'लक्ज़री हॉलिडे ब्रांड' कहता है। उन्होंने गुलमर्ग में अपने स्किन और एप्रेस स्की कलेक्शन को पेश किया। मुख्यमंत्री कार्यालय ने X पर मीरवाइज के बयान का जवाब दिया। उन्होंने कहा, 'सदमा और गुस्सा पूरी तरह से समझ में आता है। मैंने जो तस्वीरें देखी हैं, वे स्थानीय भावनाओं का पूरी तरह से अनादर दिखाती हैं, वह भी इस पवित्र महीने में।'

पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री कार्यालय ने कहा, ‘‘लोगों का गुस्सा पूरी तरह समझ में आता है। मैंने जो तस्वीरें देखी हैं वे स्थानीय संवेदनशीलता के प्रति पूरी तरह से उपेक्षा दर्शाती हैं और वह भी इस पाक माह के दौरान।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मेरा कार्यालय स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में है और मैंने अगले 24 घंटों के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के लिए कहा है। इस रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।’’

'रमजान ही नहीं, किसी भी माह में ऐसे फैशन शो की अनुमति नहीं'

विधानसभा में मुख्यमंत्री ने कहा कि फैशन शो के आयोजकों ने अपने विवेक का इस्तेमाल नहीं किया, जनता की भावनाओं को नजरअंदाज किया, इस बात पर ध्यान नहीं दिया कि वे इसे कहां आयोजित कर रहे हैं और आयोजन का समय क्या है। अब्दुल्ला ने कहा, ‘‘कुछ लोग कह रहे हैं कि रमजान के माह में ऐसा शो नहीं होना चाहिए था। मैंने जो देखा है उसके बाद मेरा मानना ​​है कि इसे साल के किसी भी समय आयोजित नहीं किया जाना चाहिए था।’’ मुख्यमंत्री ने कहा कि वह यह स्पष्ट करना चाहते हैं कि इस कार्यक्रम के आयोजन में सरकार की कोई भूमिका नहीं है। (भाषा इनपुट्स के साथ)

यह भी पढ़ें-

कश्मीर में ढोल बजाकर 'सेहरी' के वक्त लोगों को उठाया जा रहा, जानें क्यों हो रहा ऐसा

भयंकर कर्जे में दबी है जम्मू-कश्मीर की सरकार, उमर अब्दुल्ला ने बताया कुल कितना है ऋण