1. Hindi News
  2. जम्मू और कश्मीर
  3. कश्मीर में फिर नरसंहार की कोशिश! कुलगाम में आंतकियों ने मजदूरों पर की अचानक फायरिंग, 1 की मौत

कश्मीर में फिर नरसंहार की कोशिश! कुलगाम में आंतकियों ने मजदूरों पर की अचानक फायरिंग, 1 की मौत

कुलगाम में शुक्रवार शाम हुए आंतकी हमले में एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़ितों की पहचान छत्तीसगढ़ के रहने वाले दीपक और भूपेंद्र कुमार के तौर पर हुई है।

kulgam- India TV Hindi
Image Source : PTI (FILE PHOTO) कुलगाम में सर्च ऑपरेशन जारी।

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में शुक्रवार शाम आतंकियों ने गैर-स्थानीय मजदूरों को निशाना बनाते हुए हमला कर दिया। इस हमले में एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के मुताबिक, दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले के केल्लाम इलाके में आतंकियों ने दो गैर-स्थानीय मजदूरों पर अचानक फायरिंग कर दी। गोली लगने के बाद दोनों घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने एक मजदूर को मृत घोषित कर दिया।

वहीं, दूसरे घायल मजदूर की गंभीर हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए सरकारी मेडिकल कॉलेज अनंतनाग रेफर किया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

छत्तीसगढ़ के हैं दोनों पीड़ित मजदूर

पीड़ितों की पहचान छत्तीसगढ़ के रहने वाले दीपक और भूपेंद्र कुमार के तौर पर हुई है। दीपक को अस्पताल लाए जाने पर मृत घोषित कर दिया गया, जबकि भूपेंद्र कुमार का उनकी चोटों का इलाज चल रहा है।

इलाके की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन जारी

सुरक्षा बलों ने हमलावर आतंकियों की तलाश के लिए इलाके की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। आसपास के क्षेत्रों में भी तलाशी अभियान चलाया जा रहा है ताकि हमले में शामिल आतंकियों का जल्द से जल्द पता लगाया जा सके। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां हमले के सभी पहलुओं की जांच कर रही हैं और आतंकियों की तलाश जारी है।

अल्ताफ ठाकुर ने की हमले की निंदा

बीजेपी के प्रवक्ता अल्ताफ ठाकुर ने आतंकी हमले की कड़ी निंदा की। उन्होंने इस घटना को जम्मू-कश्मीर में शांति और सामान्य स्थिति को बिगाड़ने के मकसद से की गई "कायरतापूर्ण, बर्बर और अमानवीय हरकत" बताया।

एक बयान में, ठाकुर ने निर्दोष मजदूर की मौत पर गहरा दुख जताया और पीड़ित परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने घायल मजदूर के जल्द ठीक होने की भी कामना की। ठाकुर ने कहा, "आतंकवाद का कोई धर्म, कोई इंसानियत और कोई औचित्य नहीं होता। ईमानदारी से रोजी-रोटी कमाने के लिए जम्मू-कश्मीर आए एक निर्दोष मजदूर की बेरहमी से हत्या एक जघन्य अपराध है जिसकी कड़ी से कड़ी निंदा होनी चाहिए। ऐसी बर्बर हरकतें इंसानियत और भाईचारे व मेहमाननवाजी की सदियों पुरानी परंपराओं पर हमला हैं, जिनके लिए कश्मीर जाना जाता है।"

वहीं, श्रीनगर में ट्रैफिक पुलिस चेकपॉइंट से बिना नंबर प्लेट वाली एक काली कार के भागने का मामला सामने आया है। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

यह भी पढ़ें-

सीएम शुभेंदु अधिकारी पर आतंकी हमले की प्लानिंग? बंगाल STF ने जैश-ए-मोहम्मद के आतंकवादी को दबोचा