जम्मू कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में एक संदिग्ध गुब्बारा मिलने के बाद सुरक्षा बल हाई अलर्ट पर आ गए हैं। गुब्बारे पर पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस (PIA) लिखा हुआ था। अधिकारियों ने बताया कि बारामूला जिले के खादिनयार में सुरक्षा बलों ने कई गुब्बारों से बंधा एक पाकिस्तानी झंडा भी जब्त किया है।
कहां मिला गुब्बारा?
PIA लिखा हुआ गुब्बारा कुपवाड़ा जिले के हंदवारा क्षेत्र के नौगाम में एक बगीचे में एक पेड़ के ऊपर मिला। ये दोनों स्थान उत्तरी कश्मीर में लाइन ऑफ कंट्रोल (LoC) के पास स्थित हैं, जिससे यह चिंता बढ़ गई है कि क्या यह गुब्बारा हवा के साथ स्वाभाविक रूप से आया या जानबूझकर भेजा गया है। सुरक्षा एजेंसियां दोनों मामलों को गंभीरता से ले रही हैं। पुलिस, सेना और सुरक्षा एजेंसियां इन दोनों घटनाओं की जांच कर रही हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इन गुब्बारों को किस उद्देश्य से छोड़ा गया था और इसके पीछे कोई साजिश तो नहीं है।
एक्टिव हुईं सुरक्षा एजेंसियां
LoC से सटे इलाकों में इस तरह की घटनाओं को सुरक्षा के दृष्टिकोण से बेहद संवेदनशील माना जाता है, और एजेंसियां हर पहलू से मामले की जांच कर रही हैं। सुरक्षा अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से भी अपील की है कि अगर उन्हें इस तरह की कोई भी संदिग्ध वस्तु दिखाई देती है तो उसे छूने या हटाने की कोशिश न करें और तुरंत पुलिस या सुरक्षाबलों को सूचना दें।
यह भी पढ़ें-
जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में घर से खाना लेकर फरार हुए दो आतंकवादी, सेना ने शुरू किया सर्च ऑपरेशन
पुलिस ने लॉन्च किया 'किरायेदार' पोर्टल, मकान मालिकों पर हुई थी FIR, जानें क्या है मकसद