1. Hindi News
  2. झारखण्ड
  3. लड़की का 10 लोगों ने किया रेप, रघुवर दास बोले- CM के निर्वाचन क्षेत्र में भी आदिवासी लड़कियां सुरक्षित नहीं

लड़की का 10 लोगों ने किया रेप, रघुवर दास बोले- CM के निर्वाचन क्षेत्र में भी आदिवासी लड़कियां सुरक्षित नहीं

झारखंड के गोड्डा जिले में आदिवासी लड़की के साथ 10 लोगों ने रेप किया। इस पर रघुवर दास ने कहा कि यह घटना मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्वाचन क्षेत्र बरहेट में हुई है।

रघुवर दास और हेमंत सोरेन- India TV Hindi
Image Source : FILE PHOTO रघुवर दास और हेमंत सोरेन

झारखंड के गोड्डा जिले में एक आदिवासी लड़की के साथ गैंगरेप की घटना ने राज्य में सियासी तूफान ला दिया है। रविवार को गोड्डा जिले के सुंदर पहाड़ी थाना क्षेत्र में शौच के लिए बाहर गई 17 वर्षीय आदिवासी लड़की के साथ कथित रूप से 10 लोगों ने रेप किया। इस मामले में अब तक आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

रघुवर दास ने उठाए सवाल

बीजेपी के वरिष्ठ नेता और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए राज्य की झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) सरकार पर हमला बोला। दास ने कहा कि यह घटना मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्वाचन क्षेत्र बरहेट में हुई है और आरोप लगाया कि "मुख्यमंत्री के गृह क्षेत्र में आदिवासी लड़कियां सुरक्षित नहीं हैं।" उन्होंने मुख्यमंत्री सोरेन की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए कहा, "यह राज्य के लोगों के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है कि आदिवासी मुख्यमंत्री द्वारा शासित राज्य में आदिवासी बेटियां असुरक्षित हैं।"

पीड़िता को मिले मुआवजा

पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि पूरे राज्य में महिलाओं के खिलाफ अत्याचार बढ़ रहे हैं और सरकार इस पर मूकदर्शक बनी हुई है। दास ने इस घटना पर त्वरित न्याय की मांग करते हुए कहा कि अपराधियों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए और पीड़ित लड़की को मुआवजा दिया जाना चाहिए।

झामुमो ने किया पलटवार

झामुमो ने रघुवर दास के आरोपों पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। झामुमो के केंद्रीय प्रवक्ता तनुज खत्री ने कहा, "गोड्डा में हुई घटना दिल दहला देने वाली है और इसकी कड़ी निंदा की जानी चाहिए।" खत्री ने यह भी कहा कि यह घटना एक राष्ट्रीय शर्मिंदगी है, लेकिन रघुवर दास द्वारा इस संवेदनशील मुद्दे का राजनीतिकरण करना दुखद है। उन्होंने आरोप लगाया कि दास अपने अवसरवादी बयानों से अपराधियों का हौसला बढ़ा रहे हैं और कानून लागू करने वाली एजेंसियों का मनोबल गिरा रहे हैं।

तनुज खत्री ने रघुवर दास के शासनकाल को किया याद

खत्री ने यह भी याद दिलाया कि झारखंड के लोग रघुवर दास के शासनकाल के दौरान महिलाओं के खिलाफ हुए अपराधों को नहीं भूल सकते हैं। झामुमो ने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की सरकार आदिवासी समुदायों और महिलाओं की सुरक्षा के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है और किसी भी अपराधी को बचने नहीं दिया जाएगा।

"संवेदनशील मामलों में एकता की जरूरत"

झामुमो ने कहा कि इस तरह के संवेदनशील मामलों में एकता की जरूरत है, न कि राजनीति की। उन्होंने बीजेपी से आग्रह किया कि वे लोगों की भावनाओं के साथ खेलना बंद करें और किसी भी त्रासदी का राजनीतिक लाभ उठाने से बचें। (भाषा इनपुट के साथ)

ये भी पढ़ें-

अमेरिका के सैन डिएगो के पास प्रशांत महासागर में प्लेन हुआ क्रैश, विमान में 6 लोग थे सवार

मुंबई लोकल ट्रेन हादसे के बाद रेल मंत्री पर आदित्य ठाकरे का तंज- अब रील मंत्री बन गए हैं