A
  1. Hindi News
  2. झारखण्ड
  3. रांची में एयर शो का हुआ आयोजन, भारतीय वायु सेना के विमानों ने दिखाए गजब के करतब

रांची में एयर शो का हुआ आयोजन, भारतीय वायु सेना के विमानों ने दिखाए गजब के करतब

रांची में भारतीय वायु सेना के विमानों ने एयर शो के दौरान कई करतब दिखाए। इस दौरान कई मंत्री और अधिकारी भी मौजूद रहे। इस एयर शो का आयोजन युवाओं को प्रेरित करने के लिए किया गया था।

भारतीय वायु सेना के विमानों ने दिखाए करतब।- India TV Hindi
Image Source : DC_RANCHI/X भारतीय वायु सेना के विमानों ने दिखाए करतब।

रांची: झारखंड की राजधानी रांची में भारतीय वायु सेना ने एयर शो के दौरान दर्शकों को अपने करतब से मंत्रमुग्ध कर दिया। भारतीय वायु सेना की सूर्य किरण एरोबैटिक टीम ने इस एयर शो में हिस्सा लिया था। बता दें कि एयर शो का आयोजन रांची के नामकुम आर्मी ग्राउंड में किया गया था। वहीं इस कार्यक्रम के दौरान एयर चीफ मार्शल ए पी सिंह समेत कई वरिष्ठ रक्षा और प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे। इस दौरान भारतीय वायु सेना ने कई तरह के करतब दिखाए। वहीं एयर शो देख लोग रोमांच से भर उठे। इस एयर शो का आयोजन युवाओं को प्रेरित करने के लिए किया गया था। 

100 फुट की ऊंचाई पर भरी उड़ान

बता दें कि भारतीय वायु सेना के द्वारा एयर शो का कार्यक्रम दो चरणों में आयोजित किया गया। पहले चरण की बात करें तो इसमें छह विमानों ने एक साथ करीबी संरचना के साथ उड़ान भरी और करतब दिखाए। वहीं दूसरे चरण में भारतीय वायु सेना के विमान ने जमीन से मात्र 100 फुट की ऊंचाई पर उड़ान भरी और करतब दिखाए। इस मौके पर मौजदू एक अधिकारी ने कहा, ‘‘इस एयर शो का आयोजन केवल करतब दिखाने के लिए नहीं किया गया, बल्कि इस दौरान वायुसेना के जुनून, अनुशासन और उसकी भावना को दर्शाया गया।’’

पटना में अगला एयर शो

इस मौके पर रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ भी मौजूद थे। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि एयर शो के लिए तैयार 9 विमानों में से 3 आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गए थे। शुक्रवार को रांची में बारिश और ओलावृष्टि हुई थी, जिस वजह से 6 विमानों ने करतब दिखाए। उन्होंने आगे कहा कि पहली बार विमानों ने इतनी कम ऊंचाई पर करतब दिखाए हैं। इसके अलावा एक अधिकारी ने बताया कि 1996 में एसकेएटी का गठन किया गया था। इसने भारत और श्रीलंका, म्यांमार, चीन, सिंगापुर और यूएई सहित दुनिया भर में 500 से अधिक ऐसे शो किए हैं। बता दें कि रांची में रविवार को फिर से यह कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके बाद अगला एयर शो 22-23 अप्रैल को पटना में होगा। (इनपुट- पीटीआई)

यह भी पढ़ें-

आग बुझाने गई फायर ब्रिगेड की गाड़ी ही जलकर हुई खाक, हर तरफ हुआ धुआं-धुआं; देखें Video

इतनी भी क्या जल्दी थी भाई! ओवरटेक के चक्कर में अटकी जान, पुल और ट्रक के बीच फंसा बाइक सवार