A
  1. Hindi News
  2. झारखण्ड
  3. मायके जाने की जिद कर रही थी पत्नी, पति ने कुल्हाड़ी से काटा, शव के साथ सोया रहा

मायके जाने की जिद कर रही थी पत्नी, पति ने कुल्हाड़ी से काटा, शव के साथ सोया रहा

पत्नी की हत्या करने के बाद आरोपी पति उसके शव के साथ सोया रहा। सुबह होने पर उसने परिजनों को बताया कि उसने हत्या कर दी है। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

Husband Wife- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT आरोपी पति और मृतक पत्नी

झारखंड के बोकारो जिले में एक पति ने सिर्फ इसलिए अपनी पत्नी की हत्या कर दी, क्योंकि वह मायके जाने की जिद कर रही थी। हैरानी की बात ये है कि हत्या के बार आरोपी न तो भागा और न ही किसी को इस बारे में बताया। वह शव के साथ ही सोया रहा और सुबह होने पर परिजनों को इसकी जानकारी दी। घटना पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र के चाकुलिया गांव स्थित टोला रामडीह की है। रविवार सुबह जब आरोपी ने बताया कि उसने पत्नी की हत्या कर दी है तो पूरा परिवार हैरान रह गया। इसके बाद पुलिस को घटना की जानकारी दी गई और मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी विकास कुमार रजवार, उम्र 30 वर्ष, पिता शक्ति पद रजवार, तमिलनाडु के औरंगामाटी में हीरो मोटरसाइकिल पार्ट्स बनाने वाली कंपनी में ठेका मजदूर है। वह शुक्रवार को ही घर लौटा था। शुक्रवार और शनिवार को पति-पत्नी के बीच सब सामान्य था। शनिवार रात उसकी पत्नी शानु देवी, उम्र करीब 28 वर्ष, अपने 13 माह के बच्चे के साथ सो रही थी। इसी दौरान विकास नशे की हालत में घर पहुंचा। शानु ने सोमवार को मायके जाने की बात कही। इसी बात पर दोनों के बीच बहस हो गई। घरवालों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।

सुबह उठकर की हत्या

रविवार सुबह करीब 4 बजे विकास की नींद खुली। उसने पास रखी कुल्हाड़ी उठाई और सो रही पत्नी पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में शानु देवी का गला कट गया और छाती पर 3-4 गहरे जख्म हो गए। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। 13 माह का बच्चा उस वक्त मां के पास ही सोया था।

सुबह दी परिजनों को जानकारी  

हत्या के बाद आरोपी शव के पास ही सोया रहा। सुबह होने पर उसने खुद परिजनों और ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी। खबर फैलते ही गांव में सनसनी मच गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए।

पुलिस की कार्रवाई  

सूचना मिलते ही पिंड्राजोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी पति विकास कुमार को हिरासत में ले लिया। उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली गई है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पिंड्राजोरा थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। पूछताछ के बाद उसे जेल भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

(बोकारो से मृत्युंजय की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें-

जमशेदपुर में रेलवे कर्मी की हत्या, बागबेड़ा लॉबी गेट पर बाइक सवारों ने मार दी गोली

Video: पेट्रोल पंप के पास कार की छत पर जला रहे थे पटाखे, धू-धू कर जली स्कॉर्पियो