A
  1. Hindi News
  2. झारखण्ड
  3. ऑटो-SUV की हुई भीषण टक्कर में 3 लोगों की जान गई, ढाई साल का बच्चा भी शामिल

ऑटो-SUV की हुई भीषण टक्कर में 3 लोगों की जान गई, ढाई साल का बच्चा भी शामिल

गुमला में एक ऑटो रिक्शा सामने से आ रही तेज रफ्तार एसयूवी से टकरा गया। इस भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई।

प्रतीकात्मक फोटो- India TV Hindi
Image Source : FILE (PTI) प्रतीकात्मक फोटो

झारखंड के गुमला जिले में मंगलवार शाम एक भीषण रोड एक्सीडेंट में तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक ढाई साल का बच्चा भी शामिल है। यह सड़क हादसा तब हुआ जब महुआडांड़-जैरागी मुख्य मार्ग पर एक ऑटो रिक्शा सामने से आ रही तेज रफ्तार एसयूवी से टकरा गया।

डुमरी पुलिस थाने के प्रभारी अनुज कुमार ने बताया कि यह हादसा मंगलवार शाम उस समय हुआ जब जैरागी बाजार से सवारियों को लेकर लौट रहा एक ऑटो रिक्शा महुआडांड़-जैरागी मुख्य मार्ग पर अनवरटोल गार्डन के पास लातेहार की ओर से आ रही तेज रफ्तार स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल (एसयूवी) से टकरा गया।

ऑटो रिक्शा पलट गया 

कुमार ने बताया कि टक्कर के कारण ऑटो रिक्शा पलट गया और हुंडरू नागेसिया (65) और बिट्टू तुरी (56) नामक दो बुजुर्गों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे में ढाई साल के अनीश बारा को सिर में गंभीर चोटें आईं। बेहतर उपचार के लिए डुमरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से गुमला के सदर अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। 

उन्होंने कहा कि हुंडरू नागेसिया डुमरी के चिरोटोली गांव का जबकि बिट्टू तुरी लातेहार जिले के महुआडांड़ का रहने वाला था। बच्चे की पहचान चिरोटोली के ही पीटर बारा के पुत्र के रूप में हुई, जिसे गुमला के सदर अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

तीन अन्य लोग मामूली रूप से घायल

पुलिस अधिकारी ने आगे बताया, "हमने शवों को गुमला के सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और एसयूवी की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज की मदद ली जा रही है। हम इस 'हिट एंड रन' मामले में मृतकों और घायलों को अनुग्रह राशि दिलाने की कोशिश करेंगे।" हादसे में ऑटो रिक्शा में सवार तीन अन्य लोग मामूली रूप से घायल हुए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद डुमरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से छुट्टी दे दी गई। (इनपुट- भाषा)

ये भी पढ़ें-

जब सांसद जी ने बच्चों को रगड़-रगड़कर नहलाया, कपड़े धोए और नाखून भी काटे; VIDEO हुआ वायरल

पटना HC ने PM मोदी की मां के AI वीडियो पर लगाई रोक, कांग्रेस से कहा- सोशल मीडिया से हटाएं