1. Hindi News
  2. झारखण्ड
  3. झारखंड में शनिवार को भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, 3 जिलों में आ सकती है बाढ़, कई फ्लाइट्स कैंसिल; स्कूल भी बंद

झारखंड में शनिवार को भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, 3 जिलों में आ सकती है बाढ़, कई फ्लाइट्स कैंसिल; स्कूल भी बंद

झारखंड के कई जिलों में शनिवार को भारी बारिश के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया गया है। शुक्रवार को लगातार बारिश से जनजीवन प्रभावित रहा।

बारिश के बीच जाते लोग। - India TV Hindi
Image Source : PTI/FILE बारिश के बीच जाते लोग।

रांची: झारखंड के लोगों को शनिवार को भी भारी बारिश से राहत मिलने वाली नहीं है। प्रदेश में लगातार हो रही बारिश के बीच मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान कई जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। जबकि 14 जिलों में तेज बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। विभाग ने तीन जिलों में अचानक बाढ़ आने की संभावना जताई है। प्रदेश में शुक्रवार को भारी बारिश के कारण कई रांची में कई उड़ाने रद्द कर दी गई, जबकि कई जिलों में स्कूल भी बंद रहे। 

रांची मौसम केंद्र के डिप्टी डायरेक्टर अभिषेक आनंद ने बताया कि गुरुवार रात से ही झारखंड के कुछ हिस्सों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हो रही है, क्योंकि गहरा डिप्रेशन सिस्टम छत्तीसगढ़ की ओर बढ़ गया है। शनिवार तक बारिश की तीव्रता कम होने की संभावना है। 27 सितंबर से मौसम में सुधार की उम्मीद है। 

झारखंड के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग (IMD) ने लोहरदगा, लातेहार, गुमला और सिमडेगा में शनिवार सुबह 8:30 बजे तक बहुत भारी बारिश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकिइसी अवधि के लिए 14 जिलों में भारी बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और पश्चिमी सिंहभूम जिलों के लिए अचानक बाढ़ (flash flood) का अलर्ट जारी किया गया है। 

कई फ्लाइट कैंसिल

इस बीच खराब मौसम के कारण इंडिगो ने रांची एयरपोर्ट से आने-जाने वाली 24 उड़ानें रद्द कर दी हैं। एयरपोर्ट के एक अधिकारी ने बताया कि रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर कई उड़ानें रद्द कर दी गईं। राज्य की राजधानी रांची की बारिश से भीगी सड़कें सुनसान दिख रही थीं और बहुत कम गाड़ियां चल रही थीं।

स्कूलों में छुट्टी, कई इलाकों में बिजली कटौती 

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को झारखंड के कई इलाकों में लगातार बारिश हुई, जिससे पेड़ और बिजली के खंभे उखड़ गए और ट्रैफिक व बिजली सप्लाई बाधित हो गई। वहीं, रांची में स्कूली बच्चों का एक ग्रुप बाल-बाल बच गया, जब उनकी बस पर एक पेड़ गिर गया। भारी बारिश को देखते हुए रांची के कई स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई। पेड़ और बिजली के खंभे उखड़ने के बाद शहर के कई हिस्सों में लंबे समय तक बिजली कटौती भी देखी गई।

उफान पर कई नदियां

खरकई नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही थी, जबकि जमशेदपुर में गुरुवार सुबह 8:30 बजे से शुक्रवार सुबह 11:30 बजे के बीच 56.6 मिमी बारिश दर्ज होने के बाद सुवर्णरेखा नदी का जलस्तर बढ़ गया। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिलों को जोड़ने वाले खरकई पुल पर दोपहर 12 बजे खरकई नदी का जलस्तर 129 मीटर के खतरे के निशान के मुकाबले 129.860 मीटर दर्ज किया गया। एक अधिकारी ने बताया कि सुबह 10 बजे मैंगो ब्रिज साइट पर सुवर्णरेखा नदी का जलस्तर 121.50 मीटर के रेड मार्क (खतरे के निशान) के मुकाबले 120.54 मीटर था।

इनपुट- पीटीआई

ये भी पढ़ेंः 72 लॉकर काटकर करोड़ों की चोरी करने वाला कुख्यात हसन चिकना गिरफ्तार, कई राज्यों में फैला है गिरोह का नेटवर्क