1. Hindi News
  2. झारखण्ड
  3. झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां का निधन, रांची के हॉस्पिटल में ली अंतिम सांस

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां का निधन, रांची के हॉस्पिटल में ली अंतिम सांस

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां का निधन हो गया है। उनके निधन पर हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया पर एक इमोशनल पोस्ट भी शेयर किया है।

Jharkhand- India TV Hindi
Image Source : PTI/FILE मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां का निधन

रांची: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन का रांची के अस्पताल में निधन हो गया है। उनका लंबे समय से बीमारी का इलाज चल रहा था। वह 8 सितंबर से हॉस्पिटल में भर्ती थीं।

रूपी के निधन की जानकारी सीएम हेमंत ने खुद उन्होंने अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट करके दी है। तबीयत बिगड़ने के बाद उनकी मां का हॉस्पिटल में इलाज चल रहा था।

मां के निधन पर हेमंत सोरेन ने क्या कहा?

मां के निधन पर हेमंत सोरेन ने अपने एक्स हैंडल पर इमोशनल पोस्ट शेयर किया। उन्होंने लिखा, "बाबा के जाने के बाद मां ही मेरी सबसे बड़ी छांव थीं। आज वह छांव भी प्रकृति की गोद में समा गयीं। मां...."

बाबूलाल मरांडी का सामने आया बयान

झारखंड विधानसभा में विपक्ष के नेता बाबूलाल मरांडी ने रूपी सोरेन के निधन पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा, "सीएम हेमंत सोरेन की माताजी के निधन की सूचना से मन अत्यंत व्यथित है। इस दुःख की घड़ी में हमारी संवेदनाएं शोकाकुल परिवार के साथ हैं। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोक संतप्त परिजनों को यह अपार दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति।"

झारखंड मुक्ति मोर्चा ने क्या कहा?

झारखंड मुक्ति मोर्चा ने अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट कर कहा, "संघर्ष, त्याग और धैर्य की प्रतीक थीं आदरणीय रूपी सोरेन जी। स्मृति शेष दिशोम गुरु शिबू सोरेन जी के निधन के बाद उनके संघर्षों में सदैव साथ खड़ी रहीं आदरणीय रूपी सोरेन जी भी आज प्रकृति की गोद में समा गईं। उनका निधन समस्त झारखंड समेत देश के लिए अपूरणीय क्षति है। एक मां का साया उठ जाना झामुमो के केंद्रीय अध्यक्ष श्री हेमंत सोरेन जी, समस्त परिवारगण, हमारे लिए और झारखंड के लिए अत्यंत पीड़ादायक है। मरांग बुरु पुण्यात्मा को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिवार, झामुमो के हम समस्त सिपाहियों सहित पूरे राज्य को इस अपार दुःख को सहने की शक्ति दें।"

झारखंड के पूर्व सीएम रघुबर दास ने क्या कहा?

झारखंड के पूर्व सीएम रघुबर दास ने अपने एक्स हैंडल पर कहा, "दिशोम गुरु स्वर्गीय शिबू सोरेन की धर्मपत्नी और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पूज्य माता रूपी सोरेन के निधन की सूचना से मर्माहत हूं, स्तब्ध हूं। मरांग बुरु पुण्यात्मा को अपने निज धाम में स्थान दें और शोकाकुल परिजनों को यह वज्रपात सहने की शक्ति प्रदान करें। रूपी चाची का जाना मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है। उनका मुझे दिया गया पुत्रवत स्नेह सदैव मुझे उनकी याद दिलाता रहेगा। वो साक्षात ममता का स्वरूप थीं। प्रभु उनको मोक्ष प्रदान करें। ऊं शांति।"

इससे पहले ये खबर भी चर्चा में रही थी कि झारखंड में हेमंत सोरेन सरकार में 2023 से शिक्षा मंत्री रहते हुए 3 नेताओं की मौत हो गई।

ये भी पढ़ें-

CM हेमंत सोरेन को बड़ा झटका, ED केस में राहत नहीं; हाईकोर्ट ने कहा- ट्रायल नहीं रुकेगा