1. Hindi News
  2. झारखण्ड
  3. JSSC-CGL और 2014 से अब तक TDPL के माध्यम से हुईं परीक्षाएं होंगी रद्द, सोरेन सरकार ने किया ऐलान

JSSC-CGL और 2014 से अब तक TDPL के माध्यम से हुईं परीक्षाएं होंगी रद्द, सोरेन सरकार ने किया ऐलान

झारखंड में प्रदर्शन कर रहे छात्रों की बड़ी जीत हुई है। CM हेमंत सोरेन कहा है कि TDPL द्वारा कराई गई सभी परीक्षाएं रद्द कर दी जाएंगी। इसके साथ ही CGL एग्जाम भी कैंसिल करने का ऐलान किया गया है।

jharkhand hemant soren students protest- India TV Hindi
Image Source : PTI झारखंड में प्रदर्शन कर रहे छात्रों की जीत।

झारखंड की राजधानी रांची में JPSC और JSSC द्वारा आयोजित भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे छात्रों की बड़ी जीत हुई है। राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार की रात ऐलान किया है कि TSR डेटा प्रोसेसिंग प्राइवेट लिमिटेड यानी TDPL द्वारा कराई गई सभी परीक्षाएं रद्द की जाएंगी। इसके साथ ही CGL एग्जाम को भी कैंसिल करने का ऐलान किया गया है।सीएम सोरेन ने कहा कि आज कैबिनेट ने JSSC-CGL को भी रद्द करने का निर्णय लिया है। 2014 से जितनी भी छोटी बड़ी गलतियां हुई हैं सभी की जांच होगी। उनके इस ऐलान के बाद रांची में प्रदर्शनकारी छात्र जश्न मना रहे हैं। 

क्या बोले हेमंत सोरेन?

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा- "TDPL द्वारा जितनी भी परीक्षाएं कराई गई थीं, उन्हें रद्द किया जाता है। सुधारों के लिए हमने IAS अमिताभ कौशल की अध्यक्षता में एक कमेटी बनाने का फैसला किया है। दूसरी बात, 14वीं JPSC के मामले को हमारे मंत्रियों के साथ हुई बैठक में सुलझा लिया गया था। आज इस मामले को अंतिम रूप देने के लिए हमने कैबिनेट की बैठक की। हमने फैसला किया है कि TDPL द्वारा आयोजित परीक्षाएं, TDPL द्वारा की गई भर्तियां या TDPL के अन्य सभी काम रद्द कर दिए गए हैं। जहां तक मेरा मानना है कि परीक्षाएं कैसे होनी चाहिए, कैसे नहीं होनी चाहिए, इसको लेकर पहले से ही एसओपी बनी हुई है। और कहीं ना कहीं अगर उस एसओपी का पालन होता, तो गड़बड़ियां नहीं होती। TDPL के द्वारा प्रकाशित रिजल्ट, TDPL की सभी गतिविधियां रद्द की जाती हैं।"

2014 से आयोजित सभी परीक्षाएं रद्द होंगी

सामने आई जानकारी के अनुसार, झारखंड सरकार की कैबिनेट ने आउटसोर्स एजेंसी TSR डेटा प्रोसेसिंग प्राइवेट लिमिटेड द्वारा 2014 से आयोजित सभी परीक्षाओं को रद्द करने का फैसला किया है। इस बारे में झारखंड सरकार के के मंत्री इरफान अंसारी ने कहा, "सरकार ने उनकी (छात्रों) मुख्य मांग मान ली है। CGL परीक्षा को रद्द करना, इस पर सहमति बन गई है। इसके अलावा, TDPL द्वारा आयोजित सभी परीक्षाएं रद्द कर दी जाएंगी।" जानकारी के अनुसार, हेमंत सरकार ने परीक्षाओं में गड़बड़ी की जांच रिटायर्ड जज की निगरानी में कराने का फैसला किया है।

अभी CBI जांच की मांग नहीं मानी गई- छात्र

झारखंड में जारी प्रदर्शन के बीच सरकार की तरफ से प्रदर्शनकारी छात्रों की परीक्षा रद्द करने की मांग मानने के बाद छात्र नेता रवींद्र पासवान ने कहा- "अभी CBI जांच की मांग नहीं मानी गई है और जब तक CBI जांच की मांग नहीं मानते हैं, हम लोग आंदोलन करते रहेंगे। हम लोग एक बड़ी लड़ाई जीते हैं मगर इसमें अभी और भी कुछ बाकी है। हम मुख्यमंत्री जी का धन्यवाद करना चाहते हैं जिन्होंने 24 दिन बाद हमारी मांग सुनी लेकिन भी अभी भी सवाल है कि जब तक CBI जांच नहीं होगी, हम लोग अनशन करते रहेंगे।" आपको बता दें कि झारखंड की राजधानी रांची में कई हफ्तों से छात्रों का प्रदर्शन जारी था। इससे पहले छात्रों ने 20 अगस्त को सीएम आवास घेरने का ऐलान किया था।

CM सोरेन का दिल से शुक्रिया- देवेंद्र नाथ महतो

CM सोरेन द्वारा JSSC-CGL परीक्षा और TDPL की ओर से आयोजित सभी परीक्षाओं को रद्द करने के ऐलान पर छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने कहा- "हम इस आंदोलन में साथ और सहयोग देने के लिए सभी छात्रों, अभिभावकों, मीडिया के सदस्यों, पुलिस प्रशासन और खासकर झारखंड सरकार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का दिल से शुक्रिया अदा करते हैं। हम छात्रों के मुद्दों को गंभीरता से लेने और हमारी मांगों को पूरा करने के लिए आभार जताते हैं। सबसे अहम बात यह है कि जांच बहुत बारीकी से हो रही है और इसमें शामिल हर भ्रष्ट व्यक्ति को पकड़ा जा रहा है। वे इन गिरोहों के पीछे के असली मास्टरमाइंड तक पहुंचने की पूरी कोशिश कर रहे हैं।"

छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने कहा- "हम छात्र इस जांच और इस भ्रष्ट सिस्टम को जड़ से खत्म करने की कोशिश का समर्थन करते रहेंगे, और सुधार की चल रही प्रक्रिया को लेकर अपना संघर्ष जारी रखेंगे। अगर हमारे मुद्दों का समाधान हो जाता है और हमारी मांगें पूरी हो जाती हैं, तो हमें और विरोध प्रदर्शन करने की क्या जरूरत होगी? हम अभी आधिकारिक सूचना का इंतजार कर रहे हैं। मैंने अपनी जिंदगी में कई ऐसे मामले देखे हैं जहां CBI या CID जांच के आदेश दिए गए और फिर उन्हें रद्द कर दिया गया। हमें एक ऐसे सिस्टम की जरूरत है जहां सरकार गारंटी दे कि भविष्य में कभी भी पेपर लीक और गड़बड़ियां नहीं होंगी। हमें ऐसे सिस्टम की गारंटी चाहिए। हम इस कोशिश में सरकार का सहयोग करेंगे, और उम्मीद करते हैं कि सरकार भी इसी तरह अपना समर्थन जारी रखेगी।"

ये भी पढ़ें- JPSC की पूर्व सदस्य अजिता भट्टाचार्य का PA गिरफ्तार, इंटरव्यू के लिए 40 लाख वसूलने का आरोप

रांची प्रोटेस्ट से जुड़ी बड़ी खबर, छात्रों से बात करने के लिए तैयार हुई सोरेन सरकार, आज मिलने के लिए बुलाया