A
  1. Hindi News
  2. झारखण्ड
  3. सुरक्षाबलों की टीम पर दो बार नक्सलियों ने किया हमला, इंस्पेक्टर गंभीर रूप से घायल, जवान की मौत

सुरक्षाबलों की टीम पर दो बार नक्सलियों ने किया हमला, इंस्पेक्टर गंभीर रूप से घायल, जवान की मौत

नक्सली हमले में एक पुलिस इंस्पेक्टर और एक जवान गंभीर रूप से घायल हुए थे। घायल जवान की इलाज के दौरान मौत हो गई। इस पर सीएम ने दुख जाहिर किया है।

Naxalites attack- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT नक्सली हमला

पश्चिमी सिंहभूम जिले के सारंडा जंगल में शुक्रवार शाम नक्सलियों ने दो अलग-अलग स्थानों पर विस्फोटक हमले किए। नक्सल विरोधी अभियान चला रही सुरक्षा बलों की टीम को निशाना बनाते हुए आईईडी ब्लास्ट किया गया, जिसमें सीआरपीएफ 60वीं बटालियन के इंस्पेक्टर केके मिश्रा गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, एक सीआरपीएफ जवान की मौत हो गई। नक्सल विरोधी अभियान के दौरान आईईडी विस्फोट में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) का जवान घायल हुआ था।

अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। अर्धसैनिक बलों ने शुक्रवार को पश्चिमी सिंहभूम जिले में जराइकेला थाना क्षेत्र के नक्सल हिंसा प्रभावित बाबूडेरा-समता क्षेत्र में यह अभियान चलाया।

असम के रहने वाले थे महेंद्र

पुलिस अधिकारी ने बताया कि अभियान के दौरान आईईडी की चपेट में आने से हेड कांस्टेबल महेंद्र लस्कर (45) घायल हो गए। अधिकारी ने बताया कि लस्कर को राउरकेला के एक अस्पताल ले जाया गया, जहां शनिवार तड़के उनकी मौत हो गई। लस्कर असम के रहने वाले थे और सीआरपीएफ की 60वीं बटालियन से जुड़े थे।

बाबूडेरा में हुआ हमला

आतंकी हमला जराईकेला थाना क्षेत्र के सामठा गांव के बाबूडेरा इलाके में हुआ। उस वक्त जिला पुलिस, सीआरपीएफ और अन्य सुरक्षा बल संयुक्त रूप से नक्सल विरोधी अभियान चला रहे थे। नक्सलियों ने पहले से घात लगाकर सुरक्षा बलों पर हमला किया। घायल इंस्पेक्टर को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज हेतु राउरकेला स्थित अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया। उधर दूसरी घटना में नक्सलियों ने एक पुलिया को विस्फोटक से उड़ा दिया, जिससे इलाके में दहशत फैल गई और आवाजाही पूरी तरह बाधित हो गई। पश्चिमी सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक अमित रेनु ने पुष्टि करते हुए कहा कि सुरक्षा बल अभियान के दौरान यह हमला हुआ। घायल अधिकारी का इलाज चल रहा है और स्थिति नियंत्रण में है।

सुरक्षाबलों ने तेज किया सर्च ऑपरेशन

हमले के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा बलों द्वारा सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया। नक्सलियों के अब भी क्षेत्र में सक्रिय होने की संभावना जताई जा रही है और वे किसी बड़ी साजिश को अंजाम देने की फिराक में हो सकते हैं। सारंडा का घना जंगल नक्सलियों का पारंपरिक गढ़ माना जाता है, हालांकि हाल के वर्षों में सुरक्षा बलों की सक्रियता से उनकी गतिविधियों पर अंकुश लगा है। हालांकि, हाल ही में कुछ नक्सलियों ने डीजीपी अनुराग गुप्ता के समक्ष आत्मसमर्पण किया था और सरेंडर करने की चेतावनी दी थी। मालूम हो कि भाकपा नक्सली संगठन द्वारा 8 अक्टूबर से 15 अक्टूबर तक प्रतिशोध सप्ताह मनाने की भी जानकारी मिली है।

सीएम ने जताया दुख

इस घटना पर दुख जाहिर करते हुए सीएम हेमंत सोरेन ने लिखा, "चाईबासा के जराइकेला थाना क्षेत्र में ऑपरेशन के दौरान आईईडी ब्लास्ट में घायल हुए सीआरपीएफ-60 बटालियन के हेड कांस्टेबल महेंद्र लश्कर जी के शहीद होने का दुःखद समाचार मिला। मरांग बुरु वीर शहीद की आत्मा को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिवारजनों को दुःख की घड़ी सहन करने की शक्ति दे।ऑपरेशन में घायल अन्य जवानों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं।"

(चाईबासा से गंगाधर पांडे की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें-

झारखंड से किडनैप हुआ था बच्चा, पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद से बरामद किया गया

 

दादा-दादी संग 8 साल के मासूम की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या, कमरे में बंद थी मां