1. Hindi News
  2. झारखण्ड
  3. जिस महिला का नीतीश ने खींचा था हिजाब, उसे 3 लाख सैलरी वाली सरकारी नौकरी का ऑफर, मनचाही पोस्टिंग और घर भी मिलेगा

जिस महिला का नीतीश ने खींचा था हिजाब, उसे 3 लाख सैलरी वाली सरकारी नौकरी का ऑफर, मनचाही पोस्टिंग और घर भी मिलेगा

डॉक्टर नुसरत परवीन को झारखंड सरकार में नौकरी का प्रस्ताव मिला है। यहां उनकी सैलरी तीन लाख रुपये होगी। वह अपनी मर्जी के अनुसार पोस्टिंग की जगह चुन सकेंगी।

Irfan Ansari doctor nusrat parveen- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT झारखंड के मंत्री ने डॉ. नुसरत को नौकरी का ऑफर दिया है

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जिस महिला का हिजाब खींचा था, उसे तीन लाख रुपये सैलरी वाली सरकारी नौकरी का ऑफर मिला है। हालांकि, यह नौकरी पक्की नहीं होगी। झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने बिहार की महिला चिकित्सक डॉक्टर नुसरत परवीन को झारखंड में सरकारी नौकरी का प्रस्ताव दिया है। स्वास्थ मंत्री ने डॉ. नुसरत को तीन लाख रुपये वेतन, मनचाही पोस्टिंग और सरकारी आवास देने की बात कही है।

मंत्री ने कहा कि झारखंड में चिकित्सकों का सम्मान होता है और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी। झारखंड सरकार अनुबंध पर चिकित्सकों की नियुक्ति करती है, जिसमें उन्हें अच्छा वेतन और सुविधाएं मिलती हैं।

क्यों विवादों में आईं डॉ. परवीन

सोमवार को पटना में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार नव नियुक्त आयुष चिकित्सकों को नियुक्ति पत्र दे रहे थे। इसी दौरान एक महिला हिजाब पहनकर नियुक्ति पत्र लेने पहुंची तो नीतीश कुमार ने उसका हिजाब हटा दिया था। इस घटना का वीडियो भी सामने आया था, जिस पर जमकर बवाल हुआ था। वीडियो सामने आने के बाद विपक्ष के नेताओं ने इस घटना का जमकर विरोध किया। अब झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री ने आगे बढ़ते हुए डॉ. परवीन को अनुबंध के तहत सरकारी नौकरी देने की पेशकश की है।

पटना में नौकरी करेंगी महिला डॉक्टर

घटना के बाद महिला डॉक्टर नुसरत परवीन की सहपाठी और उनके कॉलेज प्रिंसिपल का कहना है कि वह नौकरी ज्वाइन करेंगी। हिजाब वाली घटना से वह परेशान नहीं हैं। नुसरत ने पटना के तिब्बी कॉलेज से पढ़ाई की थी। कॉलेज के प्रिंसिपल महफूजर रहमान ने कहा कि नुसरत यह नौकरी ज्वाइन करेंगी। समाजवादी पार्टी जिया उर रहमान बर्क ने कहा, "ये शर्मनाक हरकत है। नीतीश कुमार को माफी मांगनी चाहिए। अगर माफी नहीं मांगते तो कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।" वहीं, महबूबा मुफ्ती की बेटी इल्तिजा ने भी नीतीश कुमार के खिलाफ FIR दर्ज कराने की मांग की है।

यह भी पढ़ें-

'CM नीतीश कुमार ने जिस युवती का हिजाब हटाया वह नाराज नहीं, नौकरी ज्वाइन करेगी', कॉलेज के प्रिंसिपल ने किया दावा

हिजाब प्रकरण के बाद नीतीश कुमार की जान को खतरा? खुफिया इनपुट के बाद बढ़ाई गई सुरक्षा