रांची जिले के बेड़ो थाना क्षेत्र में एक बार फिर नाबालिग लड़की के साथ गैंगरेप की घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। 13 वर्षीय मासूम बच्ची से गुरुवार शाम को पकौड़ी खिलाने के बहाने बहला-फुसलाकर जंगल के पास ले जाकर दो युवकों ने गैंगरेप किया। पुलिस ने शुक्रवार को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
मौसी के घर रह रही थी पीड़िता
जानकारी के मुताबिक पीड़िता रांची शहर की रहने वाली है और पिछले 2 साल से बेड़ो में अपनी मौसी के घर रह रही थी। गुरुवार शाम को घरेलू काम के लिए साप्ताहिक बाजार गई थी। लौटते समय राजा बड़ाईक नामक युवक ने उसे पकौड़ी खिलाने का लालच देकर हरिहरपुर जामटोली रोड की ओर ले गया। वहां पहले से मौजूद उसका साथी कामेश्वर और वह बच्ची को अर्धनिर्मित मकान में ले गए और दोनों ने मिलकर बारी-बारी से दुष्कर्म किया। घटना के बाद किसी को कुछ नहीं बताने की धमकी भी दी।
मौसी को सुनाई आपबीती
वारदात के बाद दोनों आरोपी पीड़िता को जंगल के पास उसी मकान में अकेला छोड़कर फरार हो गए। देर रात पीड़िता किसी तरह घर पहुंची और मौसी को सारी घटना बताई। मौसी ने शुक्रवार को बेड़ो थाने में FIR दर्ज कराई।
पुलिस की कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए बेड़ो पुलिस ने POCSO एक्ट के धाराओं के तहत मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। पुलिस पूछताछ में जुटी हुई है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत कार्रवाई की गई है और आगे की जांच जारी है।
(रिपोर्ट- मुकेश सिन्हा)
यह भी पढ़ें-
13 साल के इकलौते बेटे को मारकर तालाब में फेंका, प्रॉपर्टी विवाद में भाइयों को फंसाने का था प्लान
ऑफिस से हॉफ टाइम में छुट्टी लेकर निकला नगर निगम का डिप्टी कंट्रोलर, घर में लटका मिला शव, कोई सुसाइड नोट नहीं