Veer Soren Death: झारखंड के पूर्व CM चंपई सोरेन के पोते वीर सोरेन का हिमाचल प्रदेश में निधन हो गया है। बीते मंगलवार को ऊंचाई वाले इलाकों की सैर से लौटने के बाद उन्हें तेज सिरदर्द हुआ और फिर वह बेहोश हो गए। इसके बाद वीर सोरेन को मनाली में ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। 19 साल के वीर सोरेन अपने दोस्तों के साथ सोलंग और हामटा दर्रा घूमने गए थे। इसके बाद वह हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के मनाली पहुंचे थे।
वीर के दोस्तों ने बताई तेज सिरदर्द की बात
वीर सोरेन के दोस्तों ने पुलिस को अपने बयान में बताया कि ऊंचाई वाले एरिया से लौटने के बाद वीर ने उसको अचानक तेज सिरदर्द की बात बताई थी। फिर उसे दवा दी गई लेकिन वह बेहोश हो गया था। वह अपने बिस्तर से गिर गया था।
झारखंड CM ने निधन पर जताया दुख
झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन ने वीर सोरेन के निधन पर दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, 'चंपई सोरेन के पोते वीर सोरेन का कुल्लू में आकस्मिक निधन का अत्यंत मर्माहत करने वाला समाचार मिला। मरांग बुरु दिवगंत आत्मा को शांति प्रदान करें और शोकाकुल परिजनों को संबल दें। दुख की घड़ी में हम उनके साथ हैं।'
परिवार ने पोस्टमार्टम से किया इनकार
मनाली के पुलिस उपाधीक्षक डी शर्मा के मुताबिक, प्रथम दृष्टया शव पर कोई बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं। शव को वीर के दादा को सौंपा गया। परिवार के सदस्यों ने कहा कि उन्हें किसी भी प्रकार की गड़बड़ी का शख नहीं है। उन्होंने पोस्टमार्टम से इनकार कर दिया।
मौत की वजह अब तक मालूम नहीं
पुलिस उपाधीक्षक शर्मा ने कहा कि मौत की वजह अभी तक पता नहीं चल पआी है लेकिन ज्यादा ऊंचाई की बीमारी हाइपोक्सिमिया की आशंका से इनकार नहीं कर सकते। पुलिस ने बताया कि इससे पहले उन्हें मनाली के सिविल अस्पताल से खबर मिली थी कि एक युवक को मृत होने के बाद अस्पताल लाया गया था। डॉक्टर्स ने उसे कार्डियोपल्मोनरी का इलाज दिया था लेकिन उन्हें कोई कामयाबी नहीं मिली।
ये भी पढ़ें- BMC के नामित 10 पार्षदों के नाम का हुआ ऐलान, देखें पूरी लिस्ट