A
  1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. फैशन और सौंदर्य
  4. इस लाल फूल से बना लें बालों के तेल, रुके हुई बाल तेजी से बढ़ने लगेंगे, टूटना भी बंद हो जाएगा

इस लाल फूल से बना लें बालों के तेल, रुके हुई बाल तेजी से बढ़ने लगेंगे, टूटना भी बंद हो जाएगा

Gudhal Ka Tel: बालों के लिए लाल गुड़हल के फूलों का तेल काफी फायदेमंद माना जाता है। इस तेल को लगाने से बालों की ग्रोथ अच्छी होती है और हेयर फॉल भी कम होने लगता है। जान लें गुड़हल का तेल बनाने और इसे लगाने का सही तरीका क्या है?

बालों का झड़ना रोकने के लिए तेल - India TV Hindi
Image Source : FREEPIK बालों का झड़ना रोकने के लिए तेल

बालों की देखभाल के लिए कई घरेलू नुस्खे बेहद कारगर माने जाते हैं। इन्हीं में से एक है गुड़हल का फूल, जो बालों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। इन दिनों गुड़हल के फूल आसानी से मिल जाते हैं। पार्क, घर के गार्डन या आसपास लाल रंग के खूबसूरत गुड़हल के फूल दिख ही जाएंगे। आप इन ताजे गुड़हल के फूलों को तोड़कर बालों के लिए पौष्टिक तेल तैयार कर सकते हैं। गुड़हल के फूलों से बना तेल एंटी-ऑक्सीडेंट्स से भरपूर होता है। इसमें अमीनो एसिड और फ्लेवेनॉइड्स जैसे तत्व पाए जाते हैं, जो बालों को यूवी किरणों से होने वाले नुकसान से बचाने में मदद करते हैं। बालों को तेजी से बढ़ाने, समय से पहले सफेद हो चुके बालों को काला करने और बालों का झड़ना और टूटना कम करने के लिए गुड़हल के तेल को काफी फायदेमंद माना जाता है। आइए जानते हैं कि घर पर ताजे गुड़हल के फूलों से बालों के लिए तेल कैसे तैयार किया जा सकता है।

गुड़हल के फूलों से तेल बनाने का तरीका

गुड़हल के फूलों से तेल बनाना बहुत ही आसान है। इसके लिए ताजे गुड़हल के फूल और कुछ पत्तियां लें। सबसे पहले फूलों और पत्तियों को पानी से अच्छी तरह धो लें। अब एक कड़ाही में नारियल का तेल डालें। जब तेल हल्का गर्म हो जाए, तो उसमें गुड़हल के फूल और पत्तियां डाल दें। तेल को तब तक पकने दें, जब तक फूल और पत्ते अच्छी तरह जल न जाएं और तेल का रंग बदल न जाए। इसके बाद गैस बंद कर दें और तेल को कड़ाही में ही ठंडा होने दें। लगभग 7–8 घंटे बाद तेल को छानकर किसी साफ कांच की शीशी में भर लें। इस तरह गुड़हल के फूलों का तेल तैयार हो जाता है।

बालों पर गुड़हल का तेल कैसे लगाएं

गुड़हल के तेल का इस्तेमाल बालों को लंबा, मजबूत और काला बनाने के लिए किया जा सकता है। रात को सोने से पहले बालों में अच्छी तरह तेल लगाएं और सुबह शैंपू से धो लें। अगर चाहें, तो नहाने से 1–2 घंटे पहले भी तेल लगा सकते हैं। नियमित रूप से इस तेल का उपयोग करने से बालों का झड़ना कम होता है और बाल तेजी से बढ़ते हैं।

गुड़हल के फूलों को इस्तेमाल करने के अन्य तरीके

पहला तरीका- आप गुड़हल के फूलों को हेयर मास्क के रूप में भी इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए फूलों को पीसकर गाढ़ा पेस्ट बना लें और बाल धोने से आधा घंटा या एक घंटे पहले बालों पर लगा लें।

दूसरा तरीका- इसके अलावा, बाजार में मिलने वाले गुड़हल के फूलों के पाउडर को नारियल तेल या ऑलिव ऑयल में मिलाकर भी लगाया जा सकता है। इस मिश्रण को करीब आधे घंटे तक बालों पर लगाकर रखें और फिर धो लें।

तीसरा तरीका- अगर चाहें, तो गुड़हल के फूलों में मेथी दाना और करी पत्ता मिलाकर बालों में लगाएं। इससे बाल मजबूत होते हैं और टूटने की समस्या कम होती है। वहीं, गुड़हल के फूलों को पानी में उबालकर उस पानी को छान लें और स्प्रे बोतल में भरकर बालों पर इस्तेमाल करें। यह भी बालों के लिए काफी लाभकारी माना जाता है।

नियमित रूप से गुड़हल का इस्तेमाल करने से बालों को पोषण मिलता है और वे लंबे, घने व मजबूत बनते हैं। आप इसे किसी भी तरह से इस्तेमाल कर सकते हैं।

 

Latest Lifestyle News