1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. फैशन और सौंदर्य
  4. क्या मुंहासों को फोड़ना चाहिए? जानिए क्या कहते हैं स्किन केयर एक्सपर्ट्स

क्या मुंहासों को फोड़ना चाहिए? जानिए क्या कहते हैं स्किन केयर एक्सपर्ट्स

चेहरे पर पिंपल का निकलना आम बात है। इससे छुटकारा पाने के लिए लोग कॉस्मेटिक प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करते हैं। वहीं कुछ लोग इसे फोड़ भी देते हैं। लेकिन सवाल ये है कि क्या इसे फोड़ना चाहिए। चलिए जानते हैं।

क्या मुंहासों को फोड़ना चाहिए? जानिए क्या कहते हैं स्किन केयर एक्सपर्ट्स- India TV Hindi
Image Source : MAGNIFIC क्या मुंहासों को फोड़ना चाहिए? जानिए क्या कहते हैं स्किन केयर एक्सपर्ट्स

चेहरे पर मुंहासे होना एक आम समस्या है, जो मुख्य रूप से हार्मोनल बदलाव, त्वचा में एक्सट्रा सीबम के उत्पादन, धूल-मिट्टी और बैक्टीरिया के कारण होती है। जब चेहरे पर मुंहासे निकलते हैं, तो वे न केवल दर्द देते हैं, बल्कि चेहरे की रंगत और खूबसूरती को भी प्रभावित करते हैं। इस वजह से कई लोग मुंहासों को फोड़ देते हैं या दबा देते हैं। लेकिन सवाल ये है कि क्या मुंहासों को फोड़ना चाहिए। ऐसे में डॉ. ऋतुपर्णा डैश, सीनियर कंसल्टेंट, डर्मेटोलॉजी, मेदांता नोएडा बता रही हैं कि मुंहासों को फोड़ना चाहिए या नहीं। चलिए जानते हैं। 

क्या कहती हैं डर्मेटोलॉजिस्ट
मुंहासों को फोड़ना या दबाना एक आम आदत है, लेकिन डॉ. ऋतुपर्णा डैश की मानें तो ऐसा करने से बचना चाहिए। उनका कहना है कि लाल, सूजे हुए या दर्दनाक मुंहासों को दबाने से त्वचा में सूजन और संक्रमण बढ़ सकता है। जब हम मुंहासे को फोड़ते हैं, तो उसके अंदर मौजूद पदार्थ केवल बाहर नहीं आता, बल्कि त्वचा की गहराई में भी जा सकता है, जिससे आसपास के हिस्से में सूजन बढ़ने की संभावना रहती है।

हो सकते हैं ये नुकसान
मुंहासों को बार-बार छूने या दबाने से त्वचा को चोट पहुंच सकती है और इसके बाद लाल या भूरे रंग के दाग पड़ सकते हैं। कुछ मामलों में मुंहासों को दबाने से परमानेंट निशान भी बन सकते हैं। इसलिए केवल मुंहासे को जल्दी ठीक करने के लिए उसे फोड़ना लंबे समय में त्वचा के लिए नुकसानदायक हो सकता है। अगर एक-दो मुंहासे हैं, तो उन्हें छेड़ने के बजाय त्वचा को हल्के क्लींजर से साफ रखें और ऐसे मॉइस्चराइजर का इस्तेमाल करें जो त्वचा के रोमछिद्रों को बंद न करे। मुंहासों के इलाज में सैलिसिलिक एसिड और बेंज़ॉयल पेरॉक्साइड जैसे तत्व फायदेमंद हो सकता हैं, लेकिन इनका इस्तेमाल त्वचा की स्थिति और संवेदनशीलता के अनुसार किया जाना चाहिए। मुंहासों को साफ रखने के लिए बार-बार चेहरा धोना या स्क्रब का इस्तेमाल करना भी जरूरी नहीं है, क्योंकि इससे त्वचा में जलन बढ़ सकती है।

अगर मुंहासे बार-बार हो रहे हैं, बहुत दर्द है, त्वचा के अंदर गहराई में हैं या उनके कारण दाग-धब्बे बनने लगे हैं, तो स्किन केयर एक्सपर्ट से सलाह जरूर लें। कुछ मामलों में ट्रीटमेंट की जरूरत हो सकती है। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि मुंहासे को फोड़ने के बजाय उसके कारण का इलाज किया जाए। लेकिन स्किन की देखभाल और समय पर स्किन केयर एक्सपर्ट्स की सलाह से मुंहासों को नियंत्रित करने और आगे चलकर निशान बनने के जोखिम को कम किया जा सकता है।

Latest Lifestyle News