1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. फीचर
  4. मीठे-रसीले अंगूर की पहचान क्या है, खरीदने से पहले गौर करने वाली बात, बड़े काम आएंगी कुछ छोटी-छोटी टिप्स

मीठे-रसीले अंगूर की पहचान क्या है, खरीदने से पहले गौर करने वाली बात, बड़े काम आएंगी कुछ छोटी-छोटी टिप्स

Sweet Juicy Grapes: क्या आप भी मीठे और रसीले अंगूर खरीदना चाहते हैं? अगर हां, तो आज हम आपको मीठे और रसीले अंगूरों की पहचान करने के कुछ हैक्स के बारे में बताएंगे।

मीठे-रसीले अंगूर- India TV Hindi
Image Source : YUMMY/YT मीठे-रसीले अंगूर

पोषक तत्वों से भरपूर अंगूर खाने का मजा तभी आता है, जब अंगूर मीठे और रसीले होते हैं। अक्सर लोग मीठे अंगूर नहीं चुन पाते हैं और खट्टे अंगूर खरीद लेते हैं। अगर आप खट्टे अंगूरों पर अपने पैसे बर्बाद नहीं करना चाहते हैं, तो आपको अंगूर खरीदने से पहले कुछ बातों पर जरूर गौर करना चाहिए। कुछ टिप्स की मदद से आप आसानी से मीठे अंगूर और खट्टे अंगूर में फर्क कर पाएंगे। आइए ऐसी ही कुछ ट्रिक्स के बारे में जानकारी हासिल करते हैं।

रंग पर ध्यान दीजिए- जब भी अंगूर खरीदने जाएं, तो अंगूर के कलर पर ध्यान जरूर दीजिए। हरे रंग के अंगूरों में हल्का पीलापन दिखाई दे रहा हो, तो समझ जाइए कि अंगूर मीठे हो सकते हैं। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि गहरे बैंगनी/काले रंग के अंगूर ज्यादा मीठे होते हैं। आपको भारी और घने गुच्छे चूज करने चाहिए। गुच्छा अगर भारी और घना है, तो अंगूर के रसदार होने की संभावना भी ज्यादा होगी। 

अंगूर का आकार कैसा है- आपकी जानकारी के लिए बता दें कि गोल और थोड़े नरम अंगूर मीठे होते हैं। वहीं, लंबे अंगूर कम मीठे होते हैं। इसलिए अंगूर खरीदने से पहले आपको उनके आकार पर भी ध्यान देना चाहिए। क्या अंगूरों पर हल्की सफेद और धुंधली परत दिखाई दे रही है? अगर हां, तो इस तरह के अंगूर ज्यादा ताजे और मीठे हो सकते हैं।

खुशबू पर गौर कीजिए- आप अंगूर को स्मेल करके देख सकते हैं। अगर अंगूर मीठे होंगे, तो अंगूर में से हल्की मीठी खुशबू आएगी। वहीं, अजीब गंध वाले अंगूर खट्टे हो सकते हैं। अगर अंगूर के गुच्छे का तना हरा है, तो अंगूर ताजे यानी फ्रेश हैं। वहीं, अगर आपको भूरे रंग का या फिर सूखा तना दिख रहा है, तो अंगूर पुराने हो सकते हैं। अगली बार जब भी अंगूर खरीदने के लिए जाएं, तो इस तरह की छोटी-छोटी टिप्स को जरूर फॉलो करें।

डिस्क्लेमर: इस आर्टिकल में सुझाए गए टिप्स केवल आम जानकारी के लिए हैं। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।

Latest Lifestyle News