30 जनवरी को देर रात 2 बजकर 54 मिनट पर बुध कुंभ राशि में गोचर करेंगे और लगभग ढाई महीने यानि 7 अप्रैल दोपहर 2 बजकर 21 मिनट तक यहीं रहेंगे। बुध ज्योतिष विद्या, शिल्प, कम्प्यूटर, वाणिज्य और चतुर्थ तथा दशम स्थान के कारक हैं। ये बुद्धि और वाणी के देवता हैं। इनका सीधा प्रभाव दिमाग से मेहनत वाले कार्यों और वाणी से प्रभावित कार्यों पर पड़ता है। जबकि शरीर में मुख्य रूप से गले और कन्धों पर इसका प्रभाव रहता है।
फिलहाल बुध के कुंभ राशि में इस गोचर से विभिन्न राशि वालों के जीवन पर क्या असर होगा, बुध आपकी जन्मपत्रिका में किस स्थान पर गोचर करेंगे, साथ ही बुध की शुभाशुभ स्थिति में आपको क्या उपाय करने चाहिए। जानें आचार्य इंदु प्रकाश से आपकी राशि पर क्या पड़ेगा प्रभाव।
मेष राशि
बुध आपके ग्यारहवें स्थान पर गोचर करेंगे। बुध के इस गोचर के प्रभाव से आपकी संतान शिक्षा के क्षेत्र में आगे रहेगी। आप मेहनत के बल पर धन अर्जित कर पायेंगे। इस दौरान आपकी कोई खास इच्छा भी पूरी हो सकती है। इसके अलावा आप 7 अप्रैल तक थोड़े शर्मीले स्वभाव के रहेंगे, लेकिन आप हर कार्य में योग्य भी होंगे। अत: 7 अप्रैल तक अपनी इच्छा पूरी करने के लिए और शुभ फल प्राप्त करने के लिए आपको अपने गले में तांबे का पैसा धारण करना चाहिए। अगर धारण नहीं कर सकते तो उसे अपने पास रखिए। इससे आपको शुभ फल प्राप्त करने में आसानी होगी।
वृष राशि
बुध आपके दसवें स्थान पर गोचर करेंगे। बुध के इस गोचर के प्रभाव से आपको अपने करियर में सफलता की प्राप्ति होगी। साथ ही आपके पिता के जीवन में भी तरक्की सुनिश्चित होगी। आप अपने कामों को मन लगाकर पूरा करेंगे। 7 अप्रैल तक आपकी प्रसन्नता बनी रहेगी। साथ ही इस दौरान आपकी तिजोरियां मोतियों से भर जायेगी, यानि आपकी आर्थिक स्थिति हर तरह से बेहतर बनी रहेगी। इसके अलावा अगर आप समुद्री यात्रा के जरिये अपना बिजनेस करते हैं या अब से 7 अप्रैल के बीच आप बिजनेस संबंधी किसी समुद्री यात्रा के लिए जा रहे हैं, तो ये यात्रा आपके लिये बड़ी ही लाभदायी होगी। अत: बुध के शुभ फल सुनिश्चित करने के लिए माँ दुर्गा की उपासना करें। हो सके तो इस दौरान दुर्गा सप्तशती मंत्र का पाठ भी करें।
दुर्गे स्मृता हरसि भीतिमशेष जन्तोः
स्वस्थैः स्मृता मतिमतीव शुभांददासि।
इससे आपको शुभ फलों की प्राप्ति होगी।
मिथुन राशि
बुध आपके नवें स्थान पर गोचर करेंगे। बुध के इस गोचर के प्रभाव से आपको संतान का सुख प्राप्त होगा। जीवन में भाग्य का साथ बना रहेगा। आपके कामों की गति तेज होगी। आपका स्वास्थ्य भी बेहतर रहेगा। धार्मिक कार्यों में आपकी रुचि बढ़ेगी। साथ ही पैसा कमाने के लिये की गई आपकी मेहनत सफल होगी। अत: 7 अप्रैल तक बुध के शुभ फल सुनिश्चित करने के लिए लोहे की लाल रंग की गोलियां अपने पास रखें और हरे रंग की चीजों को उपयोग में लाने से बचें। इससे आपको भाग्य का साथ मिलता रहेगा और आपके धन में बढ़ोतरी भी होगी।
कर्क राशि
बुध आपके आठवें स्थान पर गोचर करेंगे। बुध के इस गोचर के प्रभाव से आपको अधिक परिश्रम करना पड़ सकता है । अपने साथ साथ अपने परिवार के सदस्यों के स्वास्थ्य का विशेष ख्याल रखें। इसके अलावा आपको अपनीआर्थिक स्थिति को ठीक रखने के लिये कुछ प्रयास करना पड़ेगा। तो आज से 7 अप्रैल तक बुध की अशुभ स्थिति से बचने के लिए और शुभ फल सुनिश्चित करने के लिए मिट्टी के बर्तन में पीसी हुई शक्कर डालकर, उस पर ढक्कन लगाकर कहीं विराने में दबा दें। इससे आप सभी परेशानियों से बचे रहने में सफल होंगे और आपको बुध के शुभ फल प्राप्त होंगे।