A
  1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. अष्टमी-नवमी के दिन बनाएं कद्दू की सब्जी, फॉलो करें ये रेसिपी, आएगा भंडारे वाला स्वाद

अष्टमी-नवमी के दिन बनाएं कद्दू की सब्जी, फॉलो करें ये रेसिपी, आएगा भंडारे वाला स्वाद

क्या आप भी अष्टमी-नवमी के दिन कन्या पूजन के लिए कुछ स्पेशल बनाना चाहते हैं? अगर हां, तो आपको कद्दू की सब्जी की इस बेहद आसान रेसिपी को जरूर ट्राई करके देखना चाहिए।

कद्दू की सब्जी- India TV Hindi
Image Source : SOCIAL कद्दू की सब्जी

कद्दू की सब्जी बनाने के लिए आपको 500 ग्राम कद्दू, दो टमाटर, दो हरी मिर्च, एक इंच अदरक का टुकड़ा, दो स्पून घी या फिर तेल, हाफ स्पून हल्दी पाउडर, एक स्पून धनिया पाउडर, हाफ स्पून सौंफ पाउडर, चुटकी भर हींग, एक स्पून जीरा, हाफ स्पून गरम मसाला, एक स्पून चीनी या फिर गुड़, नमक और हरे धनिए की जरूरत पड़ेगी। आइए कद्दू की सब्जी को स्टेप बाई स्टेप बनाना सीखते हैं।

पहला स्टेप- सबसे पहले कद्दू को धोकर हल्का सा छील लीजिए और फिर इसे छोटे-छोटे पीस में काट लीजिए।

दूसरा स्टेप- कड़ाही में देसी घी या फिर तेल डालकर गर्म कर लीजिए। अब गर्मागर्म देसी घी में हींग और जीरा डाल दीजिए।

तीसरा स्टेप- हींग और जीरे के चटकने के बाद कड़ाही में कद्दूकस की हुई अदरक और बारीक कटी हुई हरी मिर्च भी डाल दीजिए।

चौथा स्टेप- अब कड़ाही में कटे हुए टमाटर डालकर लगभग दो से चार मिनट तक भून लें। जब टमाटर नरम हो जाए, तब आप इस मिक्सचर में हल्दी, धनिया पाउडर, सौंफ पाउडर और नमक एड कर सभी चीजों को अच्छी तरह से मिला लीजिए।

पांचवां स्टेप- इसके बाद कद्दू के पीस को इन मसालों के साथ अच्छी तरह से मिक्स कर लीजिए। अब आपको इस सब्जी को ढककर लगभग 10 मिनट तक धीमी आंच पर पकने देना है।

छठा स्टेप- जब कद्दू नरम हो जाए, तब आप इस सब्जी को हल्का सा मैश कर सकते हैं। सब्जी में थोड़ी सी मिठास एड करने के लिए आप इसमें गुड़ या फिर चीनी मिला सकते हैं।

सातवां स्टेप- अब सब्जी में गरम मसाला मिलाकर लगभग दो मिनट तक कद्दू की सब्जी को पकाएं।

आठवां स्टेप- आखिर में गैस बंद करके आप कटे हुए हरे धनिए से कद्दू की सब्जी की गार्निशिंग कर सकते हैं।

यकीन मानिए इस तरीके से बनाई गई कद्दू की सब्जी का स्वाद एकदम भंडारे में सर्व की जाने वाली सब्जी जैसा लगेगा। आप इस सब्जी को पूरी के साथ सर्व कर सकते हैं।

 

Latest Lifestyle News