क्या आप भी साल भर आम के सीजन के आने का इंतजार करते हैं? अगर हां, तो जाहिर सी बात है कि आपको आम खाना बहुत पसंद होगा। आज हम आपको आम से अमचूर पाउडर बनाने के बेहद आसान तरीके के बारे में बताएंगे। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि घर पर अमचूर पाउडर बनाने के लिए आपको कच्ची अमिया की जरूरत पड़ेगी। आम खट्टे होने चाहिए और आमों में रेशा भी कम होना चाहिए। आइए स्टेप बाई स्टेप अमचूर पाउडर की रेसिपी के बारे में जानते हैं।
पहला स्टेप- सबसे पहले आमों को अच्छी तरह से धो लीजिए। इसके बाद आपको आमों को पूरी तरह से सुखा लेना है।
दूसरा स्टेप- जब आम सूख जाएं, तब आपको इनका छिलका उतार लेना है। सभी आम की पतली-पतली स्लाइस काट लीजिए।
तीसरा स्टेप- अगर आपको आम की पतली-पतली स्लाइस काटने में दिक्कत हो रही है, तो आप आम को कद्दूकस भी कर सकते हैं क्योंकि आम की स्लाइस जितनी पतली होंगी, अमचूर पाउडर उतना ही अच्छा बनेगा।
चौथा स्टेप- कटी हुई स्लाइस या फिर कद्दूकस की हुई अमिया को सूती कपड़े पर फैला लीजिए। आपको अमियो को 4 दिनों तक तेज धूप में अच्छी तरह से सुखाना है।
पांचवां स्टेप- जब स्लाइस कड़क हो जाएं या फिर जब आप इन स्लाइस को हाथ से दबाएं तब ये टूटने लग जाएं, तब आप समझ जाइए कि इनका अमचूर पाउडर बनाया जा सकता है।
छठा स्टेप- इन स्लाइस को ग्राइंड करके एक बारीक पाउडर बना लीजिए। इस पाउडर को छान लीजिए और आपका होममेड अमचूर पाउडर तैयार है।
अमचूर पाउडर बनाने के तरीके के बारे में आपने जान लिया है। आइए इसे स्टोर करने के तरीके के बारे में भी जान लेते हैं। अमचूर पाउडर को स्टोर करने के लिए साफ और सूखे कांच के एयरटाइट कंटेनर का इस्तेमाल करना चाहिए। अगर अमचूर पाउडर को नमी से बचाया जाए, तो इसे आप साल भर तक स्टोर करके रख सकते हैं।
Latest Lifestyle News