गर्मियों के मौसम में ज्यादातर लोग बूंदी का रायता या फिर खीरे का रायता बनाकर खाना पसंद करते हैं। लेकिन अगर आप कुछ नया ट्राई करना चाहते हैं, तो आप लहसुन और पुदीने का रायता बनाकर देख सकते हैं। गर्मियों के मौसम में लहसुन और पुदीने का रायता शरीर को ठंडक पहुंचाने में कारगर साबित हो सकता है। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि लहसुन और पुदीने का रायता बनाने के लिए आपको एक कप फ्रेश दही, हाफ कप पुदीने की पत्तियां, 4 लहसुन की कलियां, 1-2 हरी मिर्च, भुना हुआ जीरा पाउडर, काला नमक और सादा नमक चाहिए होगा।
पहला स्टेप- सबसे पहले हरी मिर्च और पुदीने की पत्तियों को धो लीजिए। अब लहसुन की कलियों को छील लीजिए।
दूसरा स्टेप- आपको मिक्सर में थोड़ा सा पानी, हरी मिर्च, पुदीने की पत्तियां और लहसुन की कलियों को डालना है और पीसकर एक दरदरा पेस्ट तैयार कर लेना है।
तीसरा स्टेप- इसके बाद आपको एक कटोरे में दही निकालना है और इसे अच्छी तरह से फेंट लेना है।
चौथा स्टेप- इस कटोरे में पुदीने, लहसुन और मिर्च के पेस्ट को भी एड कर दीजिए। इसके बाद इस मिश्रण में काला नमक, सादा नमक और भुना हुआ जीरा पाउडर भी मिला लीजिए।
पांचवां स्टेप- रायते के टेस्ट को बढ़ाने के लिए आप ऊपर से सूखी लाल मिर्च और राई का तड़का भी लगा सकते हैं।
छठा स्टेप- आपका रायता बन चुका है। आपको इस रायते को थोड़ी देर के लिए फ्रिज में रख देना चाहिए जिससे ये ठंडा हो जाए।
अब आप कूल-कूल लहसुन और पुदीने के रायते के टेस्ट को एंजॉय कर सकते हैं। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि लहसुन और पुदीने का रायता आपकी गट हेल्थ पर भी पॉजिटिव असर डाल सकता है। बच्चों से लेकर बड़ों तक, सभी को इस रायते का स्वाद काफी ज्यादा अच्छा लगेगा। आप लहसुन और पुदीने के रायते को पराठे, दाल-चावल, बिरयानी या फिर खाने की किसी भी चीज के साथ सर्व कर सकते हैं।
Latest Lifestyle News