1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. खीरा-बूंदी नहीं, बनाकर देखें मखाने का रायता, इतना स्वादिष्ट कि बार-बार खाएंगे

खीरा-बूंदी नहीं, बनाकर देखें मखाने का रायता, इतना स्वादिष्ट कि बार-बार खाएंगे

क्या आप भी रोज-रोज खीरे का या फिर बूंदी का रायता खाते-खाते बोर हो गए हैं? अगर हां, तो आपको मखाना रायता की इस बेहद आसान रेसिपी को जरूर ट्राई करके देखना चाहिए।

मखाने का रायता- India TV Hindi
Image Source : SOCIAL मखाने का रायता

गर्मियों के मौसम में लोग अक्सर खीरे के रायते को या फिर बूंदी के रायते को अपने डेली डाइट प्लान का हिस्सा बना लेते हैं। लेकिन क्या आपने कभी मखाने का रायता खाकर देखा है? अगर नहीं, तो आपकी जानकारी के लिए बता दें कि पोषक तत्वों से भरपूर मखाने का रायता खाकर आप अपनी सेहत को काफी हद तक सुधार सकते हैं। आइए इस ड्राई फ्रूट रायते को बनाने के बेहद आसान तरीके के बारे में जानकारी हासिल करते हैं। मखाना रायता बनाने के लिए आपको एक कप दही, दो कप मखाना, एक स्पून रायता मसाला, थोड़ा सा लाल मिर्च पाउडर, हाफ स्पून चाट मसाला, एक-चौथाई स्पून गरम मसाला, एक स्पून देसी घी, एक स्पून बारीक कटा हुआ हरा धनिया और थोड़ा सा नमक चाहिए होगा।

पहला स्टेप- मखाना रायता बनाने के लिए सबसे पहले कड़ाही में घी डालकर गर्म कर लीजिए। घी के पिघलने के बाद कड़ाही में मखाने डालकर भून लीजिए।

दूसरा स्टेप- मखानों को हल्का गोल्डन होने तक भूनना है। जब भुने हुए मखाने ठंडे हो जाएं, तब इन्हें मिक्सर में डालकर दरदरा पीस लीजिए।

तीसरा स्टेप- अब आपको एक कटोरे में दही निकालकर इसे अच्छी तरह से फेंट लेना है। इसके बाद दही में मसाले एड करने की बारी है।

चौथा स्टेप- इस दही वाले कटोरे में रायता मसाला, चाट मसाला, गरम मसाला, लाल मिर्च पाउडर और नमक डालकर सभी चीजों को अच्छी तरह से मिक्स कर लीजिए।

पांचवां स्टेप- अब आप इस मिक्सचर में पिसे हुए मखाने एड कर मिला सकते हैं। अगर आपको रायता ज्यादा गाढ़ा लग रहा है, तो आप इसमें थोड़ा सा पानी भी मिक्स कर सकते हैं।

छठा स्टेप- आखिर में मखाने के रायते की गार्निशिंग के लिए आप बारीक कटे हुए हरे धनिए का इस्तेमाल कर सकते हैं।

अब आप मखाना रायता सर्व करके इसके स्वाद का लुत्फ उठा सकते हैं। यकीन मानिए आपको इस ड्राई फ्रूट के रायते का टेस्ट काफी ज्यादा पसंद आएगा।

 

Latest Lifestyle News