कभी-कभी एक छोटी सी गलती जान पर बन आती है। जल्दबाजी में ट्रेन पकड़ने और उतरने की कोशिश में कई लोग हादसे का शिकार होते रहते हैं। हालांकि, कई बार सुरक्षाकर्मी या आम लोग भी देवदूत बनकर सामने आते हैं और संकट में फंसे लोगों की जान बचा लेते हैं। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से ऐसा ही एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया। भोपाल रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ जवान ने एक शख्स को बड़े हादसे का शिकार होने से बचा लिया। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।
बता दें कि भोपाल मंडल में चलाए जा रहे ऑपरेशन जीवन रक्षा के तहत यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के जवान लगातार सतर्क रहते हैं। इसी क्रम में शनिवार को एक बड़ी दुर्घटना टल गई।
भोपाल रेलवे स्टेशन का पूरा मामला क्या है?
घटना शनिवार शाम 6:30 बजे की है जब छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस भोपाल स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 1 से रवाना हो रही थी। इसी दौरान भोपाल के ही गांधीनगर निवासी अमरपाल सिंह जो अपने परिजनों को ट्रेन में बिठाने आया था, सामान ज्यादा होने के चलते वह अंदर सामान चढ़ाने के लिए कोच में गया था। इसी दौरान ट्रेन चलने लगी तो उसने नीचे उतरने की कोशिश की तभी उसका बैलेंस बिगड़ गया। वह फिसलकर कोच और प्लेटफॉर्म के बीच फंस गया।
मौके पर मौजूद आरपीएफ आरक्षक कृष्ण कुमार ने दौड़ लगाकर अमरपाल सिंह को खींचकर बाहर निकाला। हादसे में अमरपाल को मामूली खरोंचें आई जिसका उपचार रेलवे स्टेशन पर मौजूद डिस्पेंसरी में किया गया। पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
Image Source : india tvआरपीएफ जवान कृष्ण कुमार।
रेलवे ने क्या कहा?
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया ने बताया कि कांस्टेबल की सतर्कता और त्वरित निर्णय ने एक संभावित गंभीर हादसे को टाल दिया। उन्होंने यात्रियों से यह भी अपील की कि वे चलती ट्रेन से चढ़ने या उतरने का प्रयास न करें, और केवल गाड़ी के पूर्णतः रुकने पर ही चढ़ें या उतरें।
यह भी पढ़ें-
चलती ट्रेन के दरवाजे पर खड़ी होकर Reel बनवा रही थी लड़की, तभी हाथ फिसला और आ गई नीचे
VIDEO: चलती बस में महिला के बैग से निकाल लिया मोबाइल, CCTV में कैद हुई चोरी की पूरी घटना