1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. कांग्रेस नेता ने जमीन विवाद में तानी पिस्टल, बोले- 'गोली मार दूंगा', VIDEO आया सामने

कांग्रेस नेता ने जमीन विवाद में तानी पिस्टल, बोले- 'गोली मार दूंगा', VIDEO आया सामने

उज्जैन के महिदपुर में जमीन विवाद के दौरान कांग्रेस के एक नेता ने पिस्टल तान दी। उन्होंने जान से मारने की धमकी देते हुए कहा कि गोली मार दूंगा। घटना का वीडियो भी सामने आया है।

कांग्रेस नेता ने तानी पिस्टल।- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT कांग्रेस नेता ने तानी पिस्टल।

उज्जैन: जिले के महिदपुर में जमीन विवाद को लेकर कांग्रेस नेता के बिगड़े बोल देखने को मिले। यहां मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व सदस्य और जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि प्रताप सिंह गुर पर किसानों को पिस्टल दिखाकर धमकाने का आरोप लगा है। घटना का वीडियो सामने भी सामने आया है, जिसमें कांग्रेस नेता के हाथों में पिस्टल देखी जा सकती है। इस दौरान वह गालियों का प्रयोग भी कर रहे होते हैं। वहीं अब वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने उनके खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जेसीबी चलाने से मना करने पर दी धमकी

दरअसल, फरियादी गोविंद सेन निवासी ग्राम डेलचीबुजुर्ग ने शिकायत में बताया कि 18 जून की शाम करीब 6:30 बजे वह ईसनखेड़ी तिराहे के पास अपने खेत पर रखे भूसा को भरने गए थे। इसी दौरान प्रताप सिंह गुर अपने दो साथियों के साथ वहां पहुंचे और जेसीबी से खेत के पास खाई खुदवाने लगे। गोविंद सेन के मुताबिक, उन्होंने और उनके भाई ने खेत के पास खाई खोदने से मना किया, जिसके बाद विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि प्रताप सिंह गुर और उनके साथ आए लोगों ने गाली-गलौज की। गोविंद ने अपने परिवार को सूचना दी। इसके बाद उनके पिता दिनेश सेन, राजाराम सेन, मुन्नालाल सेन, कृष्णपाल सेन और लखन सेन मौके पर पहुंचे। शिकायत के अनुसार, परिवार ने समझाने की कोशिश की तो प्रताप सिंह गुर ने कमर से पिस्टल निकालकर उनकी ओर तान दी और कहा, "जेसीबी तो यहीं चलेगी, यहां से चले जाओ नहीं तो जान से खत्म कर दूंगा।" 

वीडियो आया सामने

घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की। वीडियो में प्रताप सिंह गुर पिस्टल दिखाते और वीडियो बना रहे व्यक्ति का मोबाइल हटाते नजर आ रहे हैं। हालांकि प्रताप सिंह गुर ने सभी आरोपों से इनकार किया है। उनका कहना है कि उन्होंने जमीन की नपती के लिए दो बार इंतजार किया था, लेकिन बाद में उनकी जमीन पर एंगल गाड़ दिए गए। उन्हें हटाने के लिए उन्होंने जेसीबी बुलवाई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि दिनेश सेन, राजाराम सेन, मुन्नालाल सेन, कृष्णपाल सेन और लखन सेन ने उनके साथ विवाद किया और धमकाया। उनका दावा है कि बीजेपी नेताओं के कहने पर साजिश के तहत उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई। (इनपुट- प्रेम डोडिया)

यह भी पढ़ें-

सारण में डबल मर्डर केस के गवाह की गोलियों से छलनी कर हत्या, आक्रोशित लोगों ने किया सड़क जाम, SIT गठित