मध्य प्रदेश के रीवा जिले में इन दिनों प्रशासनिक सख्ती और कर्मचारियों के विरोध के बीच सियासी माहौल भी गर्माता जा रहा है। नवागत कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी की ताबड़तोड़ कार्रवाईयों के बीच अब कांग्रेस के सेमरिया विधायक अभय मिश्रा खुलकर उनके समर्थन में उतर आए हैं। विधायक के बयान ने प्रशासनिक गलियारों से लेकर राजनीतिक हलकों तक हलचल तेज कर दी है।
अभय मिश्रा ने दो टूक शब्दों में कहा कि कलेक्टर की कार्रवाई से परेशान वही लोग हैं, जिन पर वर्षों से भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के आरोप लगते रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि “घोटालेबाज कर्मचारियों की पूरी फाइल” उनके पास मौजूद है और जरूरत पड़ने पर एक-एक मामले को सार्वजनिक किया जाएगा।
MLA ने कलेक्टर की तारीफ की
विधायक ने कहा कि रीवा में लंबे समय बाद ऐसा कलेक्टर आया है जो सिर्फ दफ्तर में बैठकर आदेश नहीं दे रहा, बल्कि खुद मैदान में उतरकर हकीकत देख रहा है। मंडी से लेकर छात्रावास, कार्यालयों से लेकर अन्य शासकीय संस्थानों तक लगातार औचक निरीक्षण किए जा रहे हैं। यही वजह है कि वर्षों से मनमानी करने वाले कुछ लोगों में बेचैनी बढ़ गई है।
कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी की कार्यशैली से कई विभागों में हड़कंप
सूत्रों की मानें तो कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी की कार्यशैली ने कई विभागों में हड़कंप मचा रखा है। समय पर कार्यालय पहुंचने से लेकर रिकॉर्ड दुरुस्त रखने तक अधिकारियों-कर्मचारियों पर दबाव साफ दिखाई दे रहा है। अचानक निरीक्षणों के कारण कई जगहों पर व्यवस्थाओं की पोल भी खुली है।
विधायक का खुला समर्थन प्रशासन के लिए बड़ी राजनीतिक ताकत
इधर कर्मचारियों के एक वर्ग द्वारा विरोध और असंतोष की चर्चाओं के बीच विधायक अभय मिश्रा का खुला समर्थन प्रशासन के लिए बड़ी राजनीतिक ताकत माना जा रहा है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह बयान आने वाले दिनों में जिले की प्रशासनिक और राजनीतिक दिशा तय कर सकता है।
रीवा में अब सवाल सिर्फ कार्रवाई का नहीं, बल्कि उस सिस्टम का है जो वर्षों से आरोपों के घेरे में रहा। जनता भी अब यह देखने के इंतजार में है कि “फाइलों में बंद घोटालों” का सच आखिर कब सामने आएगा।
(रिपोर्ट- अशोक मिश्रा)
यह भी पढ़ें-
ग्वालियर में पाकिस्तानी साइबर नेटवर्क का भंडाफोड़, 4 एजेंट गिरफ्तार, म्यूल अकाउंट से विदेश भेजते थे पैसा
नवजात बच्ची ICU में थी, माता-पिता बंधुआ मजदूरी कर रहे थे, 4 दिन अस्पताल में पड़ा रहा शव फिर पहुंची पुलिस