1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. खौफनाक! सतना में एक कुत्ते ने 40 लोगों को काट डाला, अस्पताल में मची चीख-पुकार

खौफनाक! सतना में एक कुत्ते ने 40 लोगों को काट डाला, अस्पताल में मची चीख-पुकार

मध्य प्रदेश के सतना शहर के व्यस्ततम इलाकों में बुधवार शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक कुत्ते ने सड़कों पर आते-जाते लोगों पर हमला करना शुरू कर दिया। देखते ही देखते उसने करीब 40 से ज्यादा लोगों को अपना शिकार बना लिया।

satna dog bite- India TV Hindi
Image Source : PEXELS सतना में पागल कुत्ते का तांडव (प्रतीकात्मक तस्वीर)

मध्य प्रदेश के सतना शहर में आवारा कुत्तों का आतंक बढ़ता जा रहा है। पहले इंदौर के महू में एक कुत्ते ने कई लोगों को अपना शिकार बनाया था। वहीं, अब बुधवार को सतना में एक ही कुत्ते ने करीब 40 लोगों को काट लिया। सभी घायलों का जिला अस्पताल में इलाज जारी है, जहां मरीजों की भारी भीड़ के कारण इमरजेंसी वार्ड में हड़कंप की स्थिति बनी रही। घायलों में बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं शामिल हैं।

एंटी-रैबीज टीके लगाए जा रहे

सतना जिला अस्पताल के वरिष्ठ अधिकारी डॉ. शरद दुबे ने बताया कि एक कुत्ते ने शहर के गहरा नाला से लेकर अस्पताल चौक के बीच लगभग 40 लोगों को काटा और सभी घायलों का जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सभी घायलों को एंटी रैबीज का टीका लगाया जा रहा है।

कुत्ते से जान बचाकर भागे सुंदरलाल ने सुनाई आपबीती

इस घटना में घायल सुंदरलाल साकेत नाम के एक व्यक्ति ने बताया कि वह अस्पताल चौक के पास चाय लेने आया हुआ था कि इसी दौरान एक भूरे रंग के कुत्ते ने उन्हें काट लिया। उन्होंने बताया, "मैं किसी तरह अपनी जान बचाकर भागा। मेरे बाद उसे कुत्ते ने लगातार करीब आठ-10 लोगों को मेरे सामने अपना शिकार बनाया।" 

लोगों में दहशत, घर के अंदर ही छिपे

चश्मदीदों के मुताबिक, कुत्ता इतना आक्रामक था कि वह लोगों के पैरों और हाथों को बुरी तरह नोंच रहा था। इस घटना के बाद लोगों में दहशत फैल गई। लोग जरूरी काम होने के बावजूद भी घरों से नहीं निकले। 

यह भी पढ़ें-

क्या वाकई में रेबीज में कुत्ते की तरह भौंकने लगता है इंसान? न्यूरोलॉजिस्ट से जानें पूरा सच

आवारा कुत्ते के काटने के बाद युवक ने लगाई फांसी, बैंक में सीनियर पोस्ट में काम करता था