1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. 2 छोटे बच्चे घर पर छोड़ रोती-रोती पुल पर पहुंची महिला, अचानक नर्मदा में कूद गई, तेज बहाव में डूबती जा रही थी, फिर हुआ चमत्कार

2 छोटे बच्चे घर पर छोड़ रोती-रोती पुल पर पहुंची महिला, अचानक नर्मदा में कूद गई, तेज बहाव में डूबती जा रही थी, फिर हुआ चमत्कार

ससुराल के विवाद से तंग महिला एक दिन पहले घर से निकल गई थी। नर्मदा नदी पर बने बड़े पुल से उसने छलांग लगा दी। इसी मानसिक तनाव के चलते उसने यह आत्मघाती कदम उठाया।

ससुराल के विवाद से टूट...- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT ससुराल के विवाद से टूट गई महिला।

मध्य प्रदेश के डिंडौरी जिला मुख्यालय में गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक महिला ने अचानक नर्मदा नदी पर बने बड़े पुल से छलांग लगा दी। घटना को अपनी आंखों से देख रहे लोगों में हड़कंप मच गया। हालांकि मौके पर मौजूद कुछ साहसी युवकों ने अपनी जान जोखिम में डालकर नदी में छलांग लगाई और तेज बहाव के बीच महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। मामले की जानकारी पुलिस को दी गई।

रोते-रोते मोबाइल से बात की, फिर पुल से कूद गई

मिली जानकारी के अनुसार महिला पारिवारिक विवाद और ससुराल की परेशानियों से मानसिक रूप से व्यथित थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार करीब 28 से 30 वर्ष की महिला पुल पर पहुंची और काफी देर तक रोती रही। उसने वहां मौजूद एक व्यक्ति से मोबाइल फोन लेकर अपने परिजनों से बातचीत की। बातचीत समाप्त होते ही महिला ने अचानक पुल की रेलिंग पार कर नर्मदा नदी में छलांग लगा दी। यह दृश्य देखकर वहां मौजूद लोग स्तब्ध रह गए और मदद के लिए आवाज लगाने लगे।

Image Source : reporter inputयुवकों की बहादुरी से बची महिला की जान।

100 मीटर बह चुकी थी महिला, युवकों ने बचा ली जान

महिला नदी के तेज बहाव में लगभग 100 मीटर दूर तक बह गई थी और गहरे पानी में समाने लगी थी। तभी मौके पर मौजूद योगेश कुमार पंचभाय और उनके साथियों ने बिना देर किए नदी में छलांग लगा दी। कड़ी मशक्कत के बाद युवकों ने महिला तक पहुंचकर उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया। यदि कुछ मिनट और देर हो जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था।

रेस्क्यू करने वाले योगेश कुमार ने बताया, "हम शाखा से लौट रहे थे तभी देखा कि महिला पुल से कूद गई। हमने तुरंत नदी में छलांग लगाई। महिला काफी थक चुकी थी और बहाव तेज था, लेकिन सभी साथियों के सहयोग से उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया।"

प्रत्यक्षदर्शी ने और क्या बताया?

प्रत्यक्षदर्शी गुलाब बाई ने बताया कि महिला लगातार रो रही थी और मानसिक रूप से बेहद परेशान दिखाई दे रही थी। वहीं नर्मदा स्नान के लिए पहुंचे एक युवक ने महिला की पहचान कुकर्रामठ गांव की निवासी के रूप में की। बताया गया कि महिला के दो छोटे बच्चे हैं और वह ससुराल में चल रहे पारिवारिक विवाद से परेशान होकर एक दिन पहले घर से निकल गई थी। इसी मानसिक तनाव के चलते उसने यह आत्मघाती कदम उठाया।

देखें वीडियो-

महिला को सुरक्षित निकालने के बाद उसके रिश्तेदार मौके पर पहुंच गए और उसे अपने साथ घर ले गए। घटना की सूचना डिंडौरी कोतवाली पुलिस को भी दी गई है।

इससे एक दिन पहले डिंडौरी जिले के किसलपुरी गांव में बुधवार सुबह एक और हृदय विदारक घटना सामने आई थी। पत्नी शादी के बाद मायके से नहीं लौटी तो 30 वर्षीय युवक ने जहर खाकर जान दे दी

(रिपोर्ट- दीपक कुमार नामदेव)

यह भी पढ़ें-

‘मेरी मां मुझे समझती नहीं’, युवक ने सुसाइड से पहले इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया वीडियो

मेरठ में शादी के दबाव से बचने के लिए प्रेमी ने दी नर्स को जहरीली ड्रिप, सुसाइड नोट की हैंडराइटिंग ने खोला राज