ग्वालियर (मध्य प्रदेश): डबरा ग्वालियर रोड स्थित कार वॉशिंग सेंटर पर तेज रफ्तार कार के चालक ने तेजी और लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए कार वॉशिंग सेंटर के बाहर खड़ी दो गाड़ियों को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई हैं। वहीं, कार चला रहा युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे अस्पताल में इलाज के लिए भेजा गया है। जानकारी के अनुसार कार में तीन लोग सवार थे।
CCTV में कैद खौफनाक पल
यह तो किस्मत अच्छी थी कि कार धो रहे और कार धुला रहे व्यक्ति हादसे की चपेट में नहीं आए वरना कई लोगों की जान भी जा सकती थी। पूरी घटना दुकान पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। हादसे के सामने आए वीडियो में देखा जा सकता है कि कार काफी तेज स्पीड में थी और काफी दूर से ही उसका गाड़ी पर से नियंत्रण हट गया था। इसके बाद जोरदार टक्कर हुई और भगदड़ मच गई। पुलिस ने कार चला रहे पंकज शर्मा के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
दोनों कारें पूरी तरह क्षतिग्रस्त, दुकान को भी नुकसान
शिकायतकर्ता अरविंद कुमार गुप्ता ने बताया कि उनकी कार धुलाई सेंटर पर स्विफ्ट कार MP-07-AG-8842 और स्विफ्ट डिजायर कार MP-07-ZM-3407 धुलाई के लिए खड़ी थीं। तभी पंकज शर्मा निवासी जवाहर कॉलोनी डबरा अपनी स्विफ्ट कार MP-07-CC-4888 तेज और लापरवाही से चलाते हुए आया और इन दोनों कारों को टक्कर मार दी। टक्कर से दोनों खड़ी कारें पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। दुकान की लिफ्ट मशीन और वैक्यूम को भी नुकसान पहुंचा।
हादसे का CCTV फुटेज-
किस्मत ने बचा लिया वरना मौत तय थी!
हादसे में सुरक्षित बचे युवक सत्येंद्र रावत का कहना है कि कार चला रहा युवक काफी तेज गति में था। किस्मत अच्छी थी कि मैं बच गया वरना मेरी जान भी जा सकती थी। मामले में थाना प्रभारी संजय शर्मा का कहना है कि एक कार ने दो गाड़ियों को टक्कर मारी है। मामला दर्ज कर लिया है। घायल का इलाज जारी है।
वहीं, आपको बता दें कि हाल ही में मध्य प्रदेश के डिंडोरी में जबलपुर-अमरकंटक नेशनल हाईवे पर शाहपुर थाना क्षेत्र के आमाचूहा गांव के पास भी एक भीषण सड़क हादसा हुआ। बाइक सवार कार का पिछला शीशा तोड़ते हुए अंदर चला गया। युवक के सिर कार के अंदर और पैर बाहर लटके रहे।
(रिपोर्ट- भूपेंद्र भदौरिया)
यह भी पढ़ें-
छतरपुर में भीषण हादसा, ट्रक और बोलेरो की टक्कर, पांच लोगों की मौत, मची चीख-पुकार
बाढ़ राहत के दौरान हादसा, सारण में हेलीकॉप्टर से गिराए पैकेट से लगी चोट, शख्स की मौत