1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. मां-बेटे के लिए आफत बनी उधारी, चंद रुपयों के लिए बदमाशों ने चाकू से गोदा, बेटे ने मौके पर ही तोड़ दिया दम

मां-बेटे के लिए आफत बनी उधारी, चंद रुपयों के लिए बदमाशों ने चाकू से गोदा, बेटे ने मौके पर ही तोड़ दिया दम

ग्वालियर के मुरार में उधार की वसूली के चक्कर में एक महिला और उसके बेटे पर कुछ युवकों ने चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में जहां लड़के की मौत हो गई तो वहीं महिला को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

mp news- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV 5 हजार की उधारी ने ली जान।

ग्वालियर शहर के मुरार इलाके में तब सनसनी फैल गई, जब उधार के चक्कर में एक महिला और उसके बेटे पर चार-पांच बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया। पांच हजार की उधारी के चक्कर में युवकों ने लड़के और उसकी मां पर चाकुओं से हमला कर दिया। इस जानलेवा हमले में जहां युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया तो वहीं मां घायल हो गई। महिला को घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उलाज चल रहा है। इस पूरी वारदात के पीछे की वजह पैसों का लेन-देन बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस ने आरोपियों पर मामला दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश में जुट गई है।

चंद रुपयों के चक्कर में गई जान

मामला मुरार थाना क्षेत्र के हाथी खाना इलाके का है, जहां युवक सोनू राजे और उसकी मां पर बदमाशों ने चाकुओं से हमला कर दिया। हमले में बदमाशों ने युवक पर एक के बाद एक कई बार हमला किया और शरीर को चाकू से गोद डाला। यही नहीं, जब घर में मौजूद मां सुनीता अपने बेटे को बचाने के लिए पहुंची तो हमलावरों ने मां पर भी चाकू से हमला बोल दिया। इस हमले में मां बेटा दोनों बुरी तरह जख्मी हो कर वही जमीन पर गिर पड़े।

वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए आरोपी

घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए, वहीं घटना की जानकारी मिलते ही पिता मौके पर पहुंचा तो देखा बेटा सोनू राजे की मौत हो चुकी है, जबकि पत्नी सुनीता राजे तड़प रही थी। सुनीता को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। वारदात की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने युवक सोनू राजे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जबकि सुनीता का इलाज जारी है। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।

आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज

मृतक सोनू राजे के पिता अशोक राजे की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की जा रही है, घटना को लेकर सीएसपी अतुल सोनी ने बताया कि मृतक युवक सोनू राजे पेशे से ऑटो चालक है ,उसका पैसों के लेनदेन को लेकर कुछ लोगों से विवाद चल रहा था। मृतक ने कुछ युवकों से पांच हजार रुपए उधार लिए थे। उधारी के पैसे बार-बार मांगने पर जब सोनू वापस नहीं कर पाया तो आज दोपहर तीन से चार युवक घर पहुंचे और चाकू से हमला कर दिया। हमले में युवक सोनू राजे की मौत हो गई है जबकि मां का इलाज चल रहा है। घटना की जांच पड़ताल की जा रही है, वहीं सूत्रों की मानें तो पुलिस ने घटना में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया है, जबकि कुछ अन्य अभ भी फरार हैं, जिनमें मुख्य आरोपी भी शामिल है।

(रिपोर्ट- भूपेन्द्र भदौरिया)

ये भी पढ़ेंः प्यार, धोखा और सट्टा, इंस्टाग्राम वाले लवर ने नाबालिग लड़की से ऐंठे 10 लाख और जेवर, फिर सट्टे में उड़ा दिए सारे
सरकारी क्वार्टर में महिला कांस्टेबल ने लगाई फांसी, एक दिन पहले ही घर से ड्यूटी पर लौटी थी