मध्य प्रदेश के गुना जिले से आत्महत्या की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। जिले में एक 25 वर्षीय महिला कांस्टेबल ने मंगलवार को अपने सरकारी क्वार्टर में कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। महिला गुना के कोतवाली पुलिस थाने में तैनात थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
दरवाजा खटखटाकर लौट गई घरेलू सहायिका
पुलिस अधिकारियों से मिली जानकारी के मुताबिक, मृतका की पहचान निशा शर्मा के रूप में हुई है, जो मूल रूप से अशोक नगर जिले की रहने वाली थी। घटना का खुलासा तब हुआ जब मंगलवार सुबह निशा की घरेलू सहायिका ने उनके कमरे का दरवाजा खटखटाया। अंदर से कोई जवाब न मिलने पर वह लौट गई। लेकिन जब दोपहर तक निशा के क्वार्टर का दरवाजा नहीं खुला, तो पड़ोसियों को चिंता हुई। पड़ोसियों ने तुरंत इसकी सूचना छावनी पुलिस थाने को दी।
बिस्तर की चादर से बनाया था फंदा
सूचना मिलते ही छावनी थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़ा। कमरे के अंदर महिला कांस्टेबल का शव बिस्तर की चादर से बनाए गए फंदे पर लटका हुआ मिला। पुलिस ने शव को तुरंत कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
छुट्टी से एक दिन पहले ही लौटी थी ड्यूटी पर
शुरुआती जांच में सामने आया है कि कांस्टेबल निशा शर्मा दो दिन की छुट्टी पर अपने घर अशोक नगर गई हुई थी। वह सोमवार शाम को ही अपनी ड्यूटी के लिए गुना वापस लौटी थी और मंगलवार को उसने यह कदम उठा लिया।
आत्महत्या के कारणों का पता नहीं
गुना की पुलिस अधीक्षक हितिका वासल ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि शुरुआती जांच में ऐसा कोई सबूत या संकेत नहीं मिला है, जिससे यह पता चल सके कि निशा किसी तरह के मानसिक तनाव या परेशानी में थी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट मिला है या नहीं, इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस मृतका के फोन रिकॉर्ड्स और परिजनों से पूछताछ कर आत्महत्या के असली कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
ये भी पढ़ें-
"हर रिश्ता शादी तक नहीं पहुंचता...", प्रेम संबंध और चरित्र को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने क्या कहा?