1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. 6 घंटे में पलट गई महिला, कहा- 'पति और बच्चों के साथ रहूंगी', डेढ़ साल से प्रेमी के साथ रह रही थी

6 घंटे में पलट गई महिला, कहा- 'पति और बच्चों के साथ रहूंगी', डेढ़ साल से प्रेमी के साथ रह रही थी

महिला ने हाईकोर्ट में अपने पति पर शराब पीकर मारपीट करने के आरोप लगाए थे, लेकिन इसके बाद ही वह पुलिस के सामने पलट गई और कहा कि वह पति और बच्चों के साथ ही रहना चाहती है।

Women gwalior- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT प्रेमी (बाएं), महिला (दाएं)

मध्य प्रदेश के ग्वालियर में एक महिला ने चंद घंटे में अपना बयान बदल दिया और अब उसका प्रेमी परेशान फिर रहा है। महिला लगभग डेढ़ साल से प्रेमी के साथ रह रही थी। हाईकोर्ट में पति की शिकायत पर सुनवाई हुई तो उसने शराब पीकर मारपीट करने के आरोप लगाए और कहा कि वह प्रेमी के साथ ही रहेगी। हालांकि, कुछ घंटे बाद वह पति के घर में थी और पुलिस अधिकारियों से बातचीत में कहा कि वह पति और बच्चों के साथ ही रहना चाहती है।

माधव नगर गेट के सामने से तीन बच्चों की मां के फिल्मी अंदाज में हुए अपहरण के हाईप्रोफाइल मामले में एक नया और चौंकाने वाला मोड़ आया है। महिला को उसका पति और परिजन प्रेमी को पीटकर जबरन कार में डालकर ले भागे थे। वह महिला पुलिस को मिल गई है। खास बात यह है कि महिला ने अब अपने प्रेमी का साथ छोड़ वापस अपने पति और बच्चों के साथ रहने की इच्छा जताई है।

क्या है मामला?

मुरैना की रहने वाली खुशबू तोमर की शादी भिंड निवासी रामू तोमर से हुई थी, जिससे उनके तीन बच्चे हैं। करीब डेढ़ साल पहले खुशबू अपने बच्चों और पति को छोड़कर भिंड के ही रहने वाले प्रेमी रामवेन्द्र सिंह भदौरिया के साथ कानपुर चली गई थी। पति रामू ने इसकी शिकायत की और हाईकोर्ट में हैबियस कॉर्पस दायर की। शुक्रवार को पुलिस ने महिला को कानपुर से बरामद कर हाईकोर्ट में पेश किया। कोर्ट में खुशबू ने पति पर शराब पीकर मारपीट करने का आरोप लगाया और प्रेमी रामवेन्द्र के साथ रहने की इच्छा जताई। इस पर कोर्ट ने उसे अपनी मर्जी से रहने की स्वतंत्रता दे दी। इसके बाद खुशबू अपने प्रेमी रामवेन्द्र के साथ जा रही थी। अभी वह माधव नगर गेट के सामने पहुंची तो पति रामू तोमर, सुमित, कल्ली और जूली ईको कार से आए। पत्नी को उठाकर ले गए। प्रेमी ने झांसी रोड थाने पहुंचकर अपहरण की शिकायत की प्रेमिका कहना है कि 1 साल से हम दोनों संपर्क में हैं। हम दोनों ने कोर्ट मैरिज की है। हम दोनों पति-पत्नी हैं, वह 6 महीने की गर्भवती है।

देवगढ़ थाने पहुंची महिला, बदले बयान 

ग्वालियर से अचानक गायब होने के बाद इस मामले में पुलिस लगातार दबाव बना रही थी। झांसी रोड थाना प्रभारी शक्ति सिंह ने जब इस मामले में तत्परता दिखाते हुए बातचीत की, तो महिला को नजदीकी थाने जाने की समझाइश दी गई। इसके बाद महिला मुरैना जिले के देवगढ़ थाने पहुंच गई। सूचना मिलते ही झांसी रोड थाना पुलिस तुरंत देवगढ़ पहुंची और महिला को वापस ग्वालियर लेकर आई। पुलिस अफसरों के सामने महिला ने यू-टर्न लेते हुए अपने बयान पूरी तरह बदल दिए। खुशबू ने पुलिस अधिकारियों को बताया कि अब वह अपने प्रेमी के साथ नहीं, बल्कि अपने पति रामू तोमर और अपने तीनों बच्चों के साथ रहना चाहती है।

अब कोर्ट में होंगे बयान

थाना प्रभारी झांसी रोड के अनुसार, महिला सुरक्षित है और उसने खुद पति-बच्चों के साथ रहने की बात कही है। चूंकि मामला हाईकोर्ट से जुड़ा हुआ था और अपहरण की शिकायत दर्ज हुई थी, इसलिए पुलिस अब महिला के न्यायालय में 164 के तहत बयान दर्ज कराएगी।

(ग्वालियर से भूपेन्द्र भदौरिया की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें-

आवारा कुत्तों के हमले से महिला की मौत, घटना से गुस्से में लोग, परिजनों के लिए मुआवजे की मांग

जबलपुर में शादी से मना करने पर खूनी संघर्ष, दो पक्षों में चले लाठी-डंडे, सड़क किनारे खड़े वाहनों में लगाई आग, 16 पर FIR