1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. एमपी में तेज म्यूजिक की आवाज कम करने को कहने पर बुजुर्ग की हत्या, परिजनों ने शव को चौराहे पर रखकर किया प्रदर्शन

एमपी में तेज म्यूजिक की आवाज कम करने को कहने पर बुजुर्ग की हत्या, परिजनों ने शव को चौराहे पर रखकर किया प्रदर्शन

एमपी में तेज म्यूजिक को कम करने के लिए कहना एक बुजुर्ग को महंगा पड़ गया और उन पर जानलेवा हमला कर दिया गया। इस हमले में बुजुर्ग की मौत हो गई।

Mandsaur- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT परिजनों ने शव को चौराहे पर रखकर किया प्रदर्शन

मंदसौर: मध्य प्रदेश के मंदसौर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यशोधर्मन थाना क्षेत्र के ग्राम माल्याखेड़ी में ट्रैक्टर पर तेज आवाज में गाने बजाने से मना करना एक बुजुर्ग को भारी पड़ गया। मामूली कहासुनी के बाद गांव के ही एक व्यक्ति ने पहले ट्रैक्टर से कुचलने की कोशिश की। बुजुर्ग के बचने पर आरोपी ने लाठी से उनके सिर पर लगातार कई वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग का उदयपुर में करीब सात दिन तक इलाज चला, जहां उनकी मौत हो गई।

परिजनों ने शव को चौराहे पर रखकर किया प्रदर्शन

शव मंदसौर पहुंचने के बाद परिजनों और अन्य ने गांधी चौराहे पर शव रखकर प्रदर्शन किया और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। जानकारी के अनुसार, माल्याखेड़ी निवासी 60 वर्षीय भेरूलाल पिता फकीरचंद 9 जुलाई की रात करीब 11 बजे घर पर टीवी देख रहे थे। परिवार के अन्य सदस्य सो चुके थे। 

इसी दौरान गांव का महेश पिता जगदीश मीणा ट्रैक्टर लेकर उनके घर के सामने पहुंचा। परिजनों का आरोप है कि ट्रैक्टर में तेज आवाज में गाने बज रहे थे। भेरूलाल ने बाहर निकलकर आवाज कम करने की बात कही, जिस पर दोनों के बीच विवाद हो गया। पहले ट्रैक्टर से टक्कर मारने की कोशिश, फिर लाठी से हमला किया गया।

परिजनों के अनुसार विवाद के दौरान आरोपी ने पहले ट्रैक्टर से भेरूलाल को टक्कर मारने की कोशिश की। वे बच गए तो आरोपी ने लाठी उठाकर उनके सिर पर लगातार कई वार कर दिए। शोर सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे, तब तक आरोपी ट्रैक्टर लेकर फरार हो चुका था। सिर में गंभीर चोट, 20 से अधिक टांके लगे - घायल भेरूलाल को परिजन निजी वाहन से जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। 

प्राथमिक उपचार के दौरान उनके सिर पर 20 से अधिक टांके लगाए गए और उन्हें इमरजेंसी वार्ड में भर्ती किया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें उदयपुर रेफर कर दिया। वहां करीब सात दिन तक उपचार चलने के बाद शुक्रवार को उनकी मौत हो गई। 

भेरूलाल की मौत शुक्रवार को हो गई थी, लेकिन एमएलसी प्रक्रिया के चलते पोस्टमार्टम में देरी हुई। इसके बाद मन्दसौर पुलिस के उदयपुर पहुंचने पर पोस्टमार्टम कराया गया। शनिवार देर रात शव मन्दसौर लाया गया। गांधी चौराहे पर शव रखकर किया प्रदर्शन -शव मन्दसौर पहुंचने के बाद परिजन और समाजजन आरोपी की गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर गांधी चौराहे पर धरने पर बैठ गए। 

सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। करीब एक घंटे तक चली समझाइश के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ और परिजन शव लेकर रवाना हुए। 

पुलिस ने क्या कहा?

यशोधर्मन थाना प्रभारी शिवांशु मालवीय ने बताया कि घटना के समय ही आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई थी। अब घायल की मौत होने के बाद प्रकरण में हत्या सहित संबंधित धाराएं बढ़ाई जाएंगी। आरोपी की तलाश की जा रही है। 

बता दें कि आजकल छोटी-छोटी बातों पर लोग हत्या जैसे खौफनाक कदम उठा लेते हैं। हालही में ट्रेन में सीट को लेकर हुए विवाद के बाद एक युवक की हत्या कर दी गई थी। (रिपोर्ट- अशोक परमार)

ये भी पढ़ें-

इंदौर में ममता शर्मसार! झूठी शान के लिए लाडली की हत्या, मां-भाई ने रची खौफनाक साजिश