1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. इंदौर में ममता शर्मसार! झूठी शान के लिए लाडली की हत्या, मां-भाई ने रची खौफनाक साजिश, ऐसे हुए बेनकाब

इंदौर में ममता शर्मसार! झूठी शान के लिए लाडली की हत्या, मां-भाई ने रची खौफनाक साजिश, ऐसे हुए बेनकाब

 Written By: India TV MP Bureau Desk
 Published : Jul 07, 2026 04:15 pm IST,  Updated : Jul 07, 2026 04:15 pm IST

मध्य प्रदेश के इंदौर में एक युवती को प्यार करना भारी पड़ गया। यहां झूठी शान के लिए मां और भाई ने मिलकर युवती को मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने इस पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

MP crime news, madhya pradesh- India TV Hindi
आरोपी भाई और मां Image Source : INDIA TV

मध्य प्रदेश के इंदौर से एक रिश्ते को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां प्यार करने पर युवती को मौत के घाट उतार दिया गया है। इस वारदात को अंजाम देने वाला और कोई नहीं बल्कि मृतक युवती की अपनी मां और भाई ही है। पहले कहा जा रहा था कि युवती ने आत्महत्या कर लिया है लेकिन हत्या का खुलासा तब हुआ जब पोस्टमार्टम की रिपोर्ट सामने आई। पुलिस ने इस पूरे मामले में आरोपियों को गिरफ्तार कर के जांच शुरू कर दी है।

मां-भाई ने ऐसे रची बेटी की हत्या की कहानी, पोस्टमार्टम से खुला राज

इंदौर में एक बेटी का कसूर सिर्फ इतना था कि वह अपनी पसंद से शादी करना चाहती थी। परिवार ने रिश्ते को स्वीकार करने के बजाय ऐसा कदम उठाया, जिसने पूरे शहर को झकझोर दिया। मौत के बाद सच्चाई छिपाने के लिए आत्महत्या की कहानी गढ़ी गई। इसके लिए घर में जहर रखा गया और CCTV फुटेज भी डिलीट किए गए लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने हर झूठ का पर्दाफाश कर दिया। अब इस सनसनीखेज हत्याकांड में मां और भाई सलाखों के पीछे हैं।

दरअसल, हीरानगर थाना क्षेत्र की रहने वाली ज्योति अग्रवाल को उसकी मां शीतल अग्रवाल और भाई प्रकाश अग्रवाल अस्पताल लेकर पहुंचे थे। परिजनों ने दावा किया कि उसने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या की है। मामला संदिग्ध लगने पर पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया, जिसमें खुलासा हुआ कि मौत जहर से नहीं, बल्कि बेरहमी से की गई मारपीट में आई गंभीर चोटों के कारण हुई थी।

जांच में सामने आया कि ज्योति का मयंक साहू से प्रेम संबंध था और दोनों शादी करना चाहते थे। परिवार इस रिश्ते का लगातार विरोध कर रहा था। जिस दिन ज्योति मयंक से मिलने जाने वाली थी, उसी दिन घर में विवाद हुआ और मां-भाई ने उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। गंभीर रूप से घायल ज्योति को अस्पताल पहुंचाया गया लेकिन इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

ऐसे बेनकाब हुए दोनों आरोपी

बेटी की मौत के बाद आरोपियों ने पुलिस को गुमराह करने के लिए पूरी साजिश रची। इसके लिए घर में जहर रखकर आत्महत्या का ड्रामा किया गया। कुछ जहर पिलाने की भी कोशिश की गई और घटना के सबूत मिटाने के लिए CCTV फुटेज डिलीट कर दिए गए। लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट, पड़ोसियों के बयान और पुलिस पूछताछ में पूरा सच सामने आ गया। फिलहाल पुलिस ने मां और भाई को गिरफ्तार कर हत्या और सबूत मिटाने सहित अन्य धाराओं में कार्रवाई शुरू कर दी है।

(रिपोर्ट- भरत पाटिल)

ये भी पढ़ें-

जन्मदिन पार्टी से लौट रहे परिवार के पांच लोगों की मौत, तेज रफ्तार SUV कार ने मारी टक्कर

इंदौर के खजराना सिविल अस्पताल के नाम पर दवाओं-उपकरणों की नहीं हुई कोई खरीदी, जानें पूरा सच

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।