मुंबई क्रिकेट टीम के नए उप-कप्तान आयुष म्हात्रे को रणजी ट्रॉफी के शुरुआत में ही बड़ा झटका लगा है। म्हात्रे की पुरानी राइट हैमस्ट्रिंग चोट फिर से उभर आई है, जिसके कारण वह अगले एक महीने तक क्रिकेट से दूर रहेंगे। इस वजह से वह रणजी ट्रॉफी के पहले चरण के बाकी बचे तीनों मैचों में नहीं खेल पाएंगे, जो मुंबई टीम के लिए एक बहुत बड़ा झटका है। मुंबई ने इस रणजी सीजन के अपने पहले मैच में चंडीगढ़ को एक पारी और 155 रनों से हराया था।
इस रणजी ट्रॉफी सीजन के लिए आयुष म्हात्रे को बनाया गया था कप्तान
आयुष म्हात्रे को हाल ही में सेलेक्टर्स ने रणजी ट्रॉफी के लिए मुंबई का उप-कप्तान बनाया था। उनको इससे पहले चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के लिए खेलते समय हैमस्ट्रिंग में ही चोट लगी थी, जिसके कारण वह आईपीएल 2026 के दूसरे चरण से बाहर हो गए थे। इसके बाद वह लगभग पांच महीने तक क्रिकेट से दूर रहे। इस चोट की वजह से वह जून में मुंबई के लोकल टी20 टूर्नामेंट, अगस्त में इंडिया ए के श्रीलंका दौरे और दलीप ट्रॉफी जैसे बड़े टूर्नामेंटों में नहीं खेल पाए थे।
पहले मैच में फील्डिंग करने नहीं उतरे आयुष म्हात्रे
वानखेड़े स्टेडियम में चंडीगढ़ के खिलाफ मुंबई की पहली पारी के दौरान 48 रन बनाने के बाद 19 साल के आयुष म्हात्रे को यह चोट दोबारा लग गई थी। इस रणजी ट्रॉफी मैच के दूसरे और तीसरे दिन वह फील्डिंग करने मैदान पर नहीं उतरे थे। उन्होंने 12 अक्टूबर को अपना स्कैन करवाया। स्कैन में ये पता चला कि उनकी ये चोट काफी गंभीर है। उनकी जगह सुवेद पार्कर को सब्स्टीट्यूट के रूप में फील्डिंग के लिए उतारा गया।
म्हात्रे के चोटिल होने के बाद किसे मिल सकता है मौका
म्हात्रे ने बेंगलुरु के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) में अपनी चोट से उबरने के लिए रिहैब की थी। मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन के डॉक्टर से ग्रीन सिग्नल मिलने के बाद, उन्होंने कांगा लीग के एक मैच में साईनाथ क्रिकेट क्लब के लिए खेलकर रणजी ट्रॉफी में वापसी की थी। उनकी इस नई चोट के कारण अब 22 साल के कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के ओपनर अंगकृष रघुवंशी को 18 से 21 अक्टूबर तक बिलासपुर में हिमाचल प्रदेश के खिलाफ होने वाले अगले रणजी मैच के लिए मुंबई टीम में मौका मिल सकता है।
यह भी पढ़ें
केएल राहुल का बल्ला पूरी तरह खामोश, न्यूजीलैंड टेस्ट सीरीज से पहले नहीं बने रन
शुभमन गिल ने रचा इतिहास, अभिषेक शर्मा को पछाड़कर जीता आईसीसी का बड़ा अवार्ड