इंदौर: मध्य प्रदेश के इंदौर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एटीएम में कैश भरने वाली कंपनी के 2 कर्मचारियों ने कैश लोडिंग के दौरान धीरे-धीरे 40 लाख रुपए उड़ा दिए और ये सारी रकम ऑनलाइन सट्टे में हार गए। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
क्या है पूरा मामला?
इंदौर में एटीएम में कैश भरने वाली सीएमएस कंपनी के दो कर्मचारियों ने बड़ा कांड किया। ऑनलाइन सट्टे की लत ने दोनों को ऐसा अपराधी बनाया कि एटीएम में कैश लोडिंग के दौरान वे थोड़े-थोड़े रुपये निकालते रहे। जब कंपनी ने ऑडिट कराया तो करीब 40 लाख रुपये की गड़बड़ी सामने आई।
शिकायत के बाद लसूडिया थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि सबसे बड़ी चुनौती अब 40 लाख रुपये की रिकवरी है, क्योंकि आरोपी रकम ऑनलाइन सट्टे में हार चुके हैं।
आरोपियों की पहचान हुई
इंदौर की लसूडिया थाना पुलिस ने सीएमएस कंपनी के दो कर्मचारियों अभिषेक राजपूत और दीपक को 40 लाख रुपये की धोखाधड़ी के मामले में गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी एटीएम में कैश लोड करने का काम करते थे। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने कैश लोडिंग के दौरान अलग-अलग समय पर थोड़ी-थोड़ी रकम निकालकर गबन किया, ताकि किसी को तुरंत शक न हो।
कंपनी के ऑडिट के दौरान करीब 40 लाख रुपये की कमी सामने आई, जिसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने कबूल किया कि वे ऑनलाइन सट्टे के आदी हो चुके थे और गबन की पूरी रकम सट्टे में लगा दी, जहां वे लगातार हारते गए।
फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और ऑनलाइन सट्टे के नेटवर्क की भी जांच कर रही है। लेकिन सबसे बड़ी परेशानी यह है कि गबन की गई 40 लाख रुपये की राशि की रिकवरी फिलहाल नहीं हो सकी है।
पुलिस ने क्या बताया?
इस मामले में इंदौर के एसीपी पराग सैनी का बयान सामने आया है। उन्होंने बताया है कि 2 लाख रुपए की बरामदगी हो गई है। बाकी रिकवरी के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि दोनों आरोपी ऑनलाइन गेम और सट्टे में संलिप्त थे। उन्होंने धीरे-धीरे करके करीब 40 लाख रुपए पर हाथ साफ किया और फिर इन रुपयों को ऑनलाइन सट्टे में हार गए। आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और पूछताछ जारी है। इस संबंध में विधिक कार्रवाई की जा रही है। (रिपोर्ट- भरत पाटिल)
ये भी पढ़ें-