A
  1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. इंदौर: प्रेमानंद महाराज से प्रभावित होकर 16 साल के लड़के ने घर छोड़ा, ₹500 लेकर निकला, कहा- दोस्त लौटा देगा

इंदौर: प्रेमानंद महाराज से प्रभावित होकर 16 साल के लड़के ने घर छोड़ा, ₹500 लेकर निकला, कहा- दोस्त लौटा देगा

लड़के ने अपने माता-पिता के लिए पत्र भी छोड़ा है। इसमें उसने लिखा है कि उनके साथ उसका समय पूरा हो चुका है। वह अब अपने असली परिवार के साथ रहेगा। पुलिस ने लड़के की तलाश शुरू कर दी है।

BOY RAN FOR PREMANAND MAHARAJ- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT प्रेमानंद महाराज के लिए घर से भागा लड़का

इंदौर के खजराना थाना क्षेत्र से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां 16 वर्षीय एक नाबालिग बालक आध्यात्मिक प्रवचन से प्रभावित होकर घर छोड़कर चला गया। घर से जाने से पहले बालक ने अपने माता पिता के नाम एक पत्र भी लिखा, जिसमें उसने लिखा कि वह अपने असली परिवार के पास जा रहा है और उसे ढूंढने की कोशिश न की जाए। बालक का घर से जाने का सीसीटीवी भी सामने आया है। मामले की जानकारी लगते ही खजराना पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर बालक की तलाश शुरू कर दी है।

पूरा मामला खजराना थाना क्षेत्र की श्री कृष्ण विहार कॉलोनी का है। यहां रहने वाला 16 वर्षीय बालक अचानक घर से लापता हो गया। परिजनों को जब वह घर पर नहीं मिला तो तलाश की गई। इसी दौरान घर में एक पत्र मिला। पत्र में बालक ने अपने माता-पिता के नाम लिखा कि वह आध्यात्मिक जीवन जीने के लिए अपने असली परिवार के पास जा रहा है। उसने यह भी लिखा कि मम्मी-पापा उसे ढूंढने की कोशिश न करें, क्योंकि उनके साथ उसका जीवन पूरा हो गया है।

500 रुपये लेकर निकला

बालक घर से जाते समय करीब 500 रुपये भी लेकर गया। पत्र में उसने यह भी लिखा कि ये पैसे उसका एक दोस्त वापस कर देगा। परिजनों ने तुरंत मामले की सूचना खजराना पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस ने गुमशुदगी का प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और संभावित स्थानों पर बालक की तलाश की जा रही है। बताया जा रहा है कि बालक के पिता ड्राइवरी का काम करते हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और जल्द ही बालक को तलाशने की कोशिश की जा रही है। वहीं इस मामले में बालक का घर से जाने का सीसीटीवी विडियो भी सामने आया है, जिसमें बालक बैग टांग कर घर से निकलता नजर आ रहा है।

(इंदौर से भरत पाटिल की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें-

MP: मां ने 4 बेटियों को मारा फिर कर लिया सुसाइड, दो दिन में दो महिलाओं और पांच बच्चों की मौत का राज क्या?

ई-रिक्शा चलाते हुए ही युवक को आ गया हार्ट अटैक, मौके पर हुई मौत, दर्दनाक Video आया सामने