1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. MP: मां ने 4 बेटियों को मारा फिर कर लिया सुसाइड, दो दिन में दो महिलाओं और पांच बच्चों की मौत का राज क्या?

MP: मां ने 4 बेटियों को मारा फिर कर लिया सुसाइड, दो दिन में दो महिलाओं और पांच बच्चों की मौत का राज क्या?

 Edited By: Mangal Yadav @MangalyYadav
 Published : Mar 12, 2026 04:01 pm IST,  Updated : Mar 12, 2026 04:11 pm IST

मध्य प्रदेश के सागर जिले में दो दिनों में दो महिलाओं और पांच बच्चों की मौत हो गई। सुसाइड की मुख्य वजह घरेलू विवाद बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

मामले की जांच करती पुलिस- India TV Hindi
मामले की जांच करती पुलिस Image Source : REPORTER

मध्य प्रदेश के सागर जिले में दो दिन में दो बड़ी घटनाएं सामने आई हैं। सोमवार को सागर जिले के ग्राम हिन्नोद में एक महिला ने अपनी 5 साल की बेटी के साथ कुएं में कूद कर आत्महत्या कर ली। वहीं दूसरी घटना सागर जिले के केसली थाना अंतर्गत टड़ा चौकी क्षेत्र के खमरिया गांव की हैं, जहां एक महिला ने अपनी चार बेटियों को कुएं में फेंककर खुदकुशी कर ली।

बेटी के साथ कुएं में कूदकर दे दी जान

जानकारी के मुताबिक, सागर जिले के जैसीनगर थाना क्षेत्र के ग्राम हिंन्नोद से एक 29 वर्षीय सीमा पाल, पत्नी भागीरथ पाल निवासी ग्राम नाहरमऊ (केसली) अपनी 5 वर्षीय बेटी प्रियांशी के साथ पिछले कुछ समय से मायके ग्राम हिंन्नोद में रह रही थी। मंगलवार दोपहर वह बेटी के साथ खेत गई थी, जहां सीमा ने बेटी के साथ कुएं में कूदकर जान दे दी। मृतिका के भाई संजू पाल ने बताया कि सीमा की शादी करीब 8 साल पहले भागीरथ पाल से हुई थी।

पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था और पति द्वारा मारपीट की जाती थी, जिसकी शिकायत महिला थाने में भी की गई थी। इसी वजह से सीमा कुछ समय से मायके में रह रही थी। उसने आरोप लगाया कि पति की प्रताड़ना के चलते उसकी बहन मानसिक तनाव में थी। जिस वजह से उसने आत्महत्या कर ली।

4 बच्चों को कूंए में फेंका

उधर, सागर जिले के केसली थाना अंतर्गत टड़ा चौकी में आने वाले ग्राम खमरिया से आज एक 30 वर्षीय महिला, सविता लोधी, ने कथित तौर पर अपनी चार मासूम बेटियों को घर के पास स्थित एक कुएं में धकेल दिया और उसके बाद खुद फांसी के फंदे पर झूल गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, महिला ने अपनी चारों बेटियों को हरपाल घोसी के खेत में बने कुएं में फेंक दिया था। पानी में डूबने के कारण मासूमों की मौत हो गई। मृतकों में सबसे बड़ी बेटी की उम्र मात्र 7 वर्ष थी। बच्चियों को मौत के घाट उतारने के बाद सविता ने घर के अंदर जाकर आत्मघाती कदम उठाया। घटना की जानकारी मिलते ही केसली थाना और टड़ा चौकी की पुलिस टीम बल के साथ मौके पर पहुँची। घटना के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है। 

पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। एक ही परिवार के पांच सदस्यों की इस तरह मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि यह कदम पारिवारिक कलह या अत्यधिक मानसिक तनाव के कारण उठाया गया हो सकता है। फिलहाल, पुलिस हर कोण से मामले की बारीकी से जांच कर रही है ताकि इस खौफनाक कदम के पीछे की असली वजह सामने आ सके।

रिपोर्ट- टेकराम

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।