A
  1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. इंदौर में बाप-बेटे ने सोसाइटी वासियों पर चढ़ाई कार, महिला IT इंजीनियर की मौत; रोंगटे खड़े कर देगा यह VIDEO

इंदौर में बाप-बेटे ने सोसाइटी वासियों पर चढ़ाई कार, महिला IT इंजीनियर की मौत; रोंगटे खड़े कर देगा यह VIDEO

इंदौर की एक सोसाइटी में पेंटहाउस किराए पर देने के विवाद में बाप-बेटे ने कार से एक महिला इंजीनियर को कुचल दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। 13 मार्च को ही वह दो बच्चों और पति के साथ अपने फ्लैट में शिफ्ट हुई थी।

मृतका की फाइल फोटो।- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT मृतका की फाइल फोटो।

इंदौर के लसूड़िया थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई है जहां पेंटहाउस विवाद ने खूनी रूप ले लिया। जिसमें तेज रफ्तार कार से रहवासियों को कुचलने की कोशिश में एक महिला इंजीनियर की जान चली गई। वहीं, कार से महिला को कुचलने की पूरी वारदात वहां लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है।

क्या है पूरा मामला?

दरअसल, यह घटना बुधवार रात 10.30 बजे इंदौर के एमआर-11 स्थित शिव वाटिका समृद्धि एनक्लेव की बताई जा रही है, जहां पेंटहाउस की लाइट बंद करने को लेकर शुरू हुआ विवाद अचानक हिंसक हो गया। आरोप है कि कुलदीप चौधरी और उसके बेटे ने गुस्से में आकर तेज रफ्तार कार रहवासियों की ओर दौड़ा दी। इस दौरान कई लोग इसकी चपेट में आने से बाल-बाल बचे। लेकिन इस दर्दनाक हादसे में कुछ दिन पहले ही अपने परिवार के साथ बिल्डिंग में रहने आई शंपा पांडे की मौके पर ही मौत हो गई, जो एक आईटी कंपनी में इंजीनियर के पद पर कार्यरत थीं।

रिहाइशी बिल्डिंग में पेंटहाउस चलाने पर था विवाद

मिली जानकारी के मुताबिक, सोसाइटी में कुलदीप चौधरी ने अपना पेंटहाउस Airbnb को किराए पर दे रखा है। यहां रोज नए लोग आते थे, जिसे लेकर सोसाइटी वासियों की आपत्ति थी। कल रात रहवासियों ने उनके फ्लैट की लाइट बंद कर दी थी। यह देखकर कुलदीप चौधरी नीचे आए। उन्होंने रहवासियों के फ्लैट की लाइट बंद कर दी। इस बात को लेकर मारपीट हुई। इसके बाद उसका बेटा मोहित चौधरी कार लेकर आया। पहले वहां रहने वाली महिला कर्मचारी और फिर आईटी इंजीनियर शंपा पांडे को टक्कर मार दी।

शंपा पांडे को बॉम्बे हॉस्पिटल में एडमिट किया गया, जहां उनकी मौत हो गई। शंपा 13 मार्च को ही दो बच्चों और पति के साथ अपने फ्लैट में शिफ्ट हुई थी।

सीसीटीवी फुटेज आया सामने-

पूरी घटना सोसाइटी में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें कार को तेजी से लोगों की ओर बढ़ते हुए देखा जा सकता है। इस घटना से पहले आरोपी और रहवासियों के बीच जमकर कहासुनी हुई थी, जो देखते ही देखते हिंसा में बदल गई। 

फिलहाल लसूड़िया थाना पुलिस ने मुख्य आरोपी कुलदीप चौधरी और उसके बेटे को हिरासत में ले लिया है और पूरे मामले की जांच जारी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।

(रिपोर्ट- भारत पाटिल)

यह भी पढ़ें-

सामने बेटे की चिता, हाथों में रशियन आर्मी की ड्रेस; अनुज को आखिरी विदाई देते पिता को जिसने भी देखा रो दिया

भाई ने ही दी बहन की रियल-टाइम लोकेशन, रिटायर्ड फौजी पति ने चढ़ा दी बोलेरो; झुंझुनूं में सनसनीखेज मामला